West Bengal Assembly Election 2026 IMD Weather IPL 2026

शादी से पहले बढ़ी गैस सिलेंडर की चिंता, दुल्हन पहुंची कलेक्ट्रेट; DM से लगाई मदद की गुहार

जालौन में गैस सिलेंडर न मिलने पर दुल्हन कलेक्ट्रेट पहुंच गई. करीब 17 गैस सिलेंडरों की जरूरत है लेकिन गैस एजेंसी अतिरिक्त सिलेंडर देने से मना कर रही है. डीएम ने मामले में हस्तक्षेप कर समाधान का आश्वासन दिया है.

@hindipatrakar x account
Km Jaya

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां शादी की तैयारियों के बीच गैस सिलेंडर की कमी से परेशान दुल्हन खुद कलेक्ट्रेट पहुंच गई. इस घटना ने प्रशासन को भी चौंका दिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया.

कोंच तहसील के ग्राम चमेड़ की रहने वाली मोहिनी खैमरिया अपनी बेटी नंदिनी के साथ सीधे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं. परिवार का कहना है कि 20 अप्रैल को होने वाली शादी के लिए भोजन की व्यवस्था करनी है, जिसके लिए करीब 17 गैस सिलेंडरों की जरूरत है लेकिन गैस एजेंसी अतिरिक्त सिलेंडर देने से मना कर रही है.

परिजनों ने क्या बताया?

दुल्हन नंदिनी भी अपनी मां के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई. परिवार ने बताया कि शादी जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर मेहमानों के लिए खाना बनाना जरूरी है लेकिन सिलेंडर नहीं मिलने के कारण पूरी व्यवस्था प्रभावित हो रही है.

मोहिनी खैमरिया ने क्या बताया?

मोहिनी खैमरिया ने बताया कि वे कोंच स्थित दिवौलिया गैस एजेंसी की उपभोक्ता हैं. कई बार संपर्क करने के बावजूद एजेंसी ने अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध कराने से इंकार कर दिया. इससे परिवार की चिंता बढ़ गई और उन्हें मजबूरी में प्रशासन की शरण लेनी पड़ी.

जिलाधिकारी ने क्या दिए निर्देश?

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने संबंधित खाद्य आपूर्ति अधिकारी को कहा कि नियमों के तहत विशेष परिस्थितियों में शादी के लिए आवश्यक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की संभावना पर विचार किया जाए.

जिलाधिकारी ने परिवार को क्या दिया आश्वासन?

जिलाधिकारी ने परिवार को आश्वासन दिया कि जल्द ही समाधान निकाला जाएगा, ताकि शादी की तैयारियों में कोई बाधा न आए. प्रशासन ने यह भी कहा कि नियमों का पालन करते हुए ही उचित मदद दी जाएगी.

इस घटना ने गैस आपूर्ति की स्थिति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर शादी-ब्याह जैसे आयोजनों के दौरान अतिरिक्त सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में प्रशासन को विशेष व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि सामाजिक आयोजनों में कोई बाधा न आए.