UP में पूर्व विधायक विजय सिंह के घर पर जोरदार धमाका, 4 मंजिला भवन की सारी खिड़कियां टूटी; 2 बेटों समेत 5 लोग हुए घायल
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से मंगलवार शाम एक बड़ी घटना सामने आई, जहां पूर्व विधायक विजय सिंह के घर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से मंगलवार शाम एक बड़ी घटना सामने आई, जहां पूर्व विधायक विजय सिंह के घर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया.
यह धमाका इतना तीव्र था कि मकान के बेसमेंट की छत उड़ गई और पूरे भवन की खिड़कियां टूटकर बिखर गई. इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें पूर्व विधायक के दोनों बेटे भी शामिल हैं.
इलाके में अफरा-तफरी का माहौल
जानकारी के अनुसार, यह घटना शाम करीब 7:30 बजे नाला मछरट्टा क्षेत्र स्थित विजय सिंह के घर में हुई. उस समय घर के ड्राइंग रूम में परिवार के सदस्य और कुछ समर्थक मौजूद थे. तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
दो बेटों समेत 5 लोग हुए घायल
घायलों में अविनाश उर्फ विक्की, अभिषेक उर्फ सिक्की, नूरपुर के पूर्व प्रधान भइयालाल चौहान, मित्तूकूंचा निवासी रासू और नाला मछरट्टा के ईशू शामिल हैं, सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है.
घटनास्थल पर पहुंचे जिलाधिकारी व SP
विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए. धमाके के कारण मकान के बेसमेंट को भारी नुकसान पहुंचा है. वहीं, बैठक की फाल्स सीलिंग गिर गई और बहुमंजिला इमारत की खिड़कियों के शीशे पूरी तरह टूट गए. घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है.
धमाके के कारणों की जांच जारी
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है. वहीं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के अनुसार, घटना के समय घर में कुल छह लोग मौजूद थे, जिनमें से पांच घायल हुए हैं. पूर्व विधायक की पत्नी उस समय ऊपरी मंजिल पर थी और सुरक्षित हैं. फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की टीमें इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं, ताकि विस्फोट के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके.