यूपी चुनाव 2027: श्रीकृष्ण जन्मभूमि समेत इन 5 मुद्दों पर दांव लगाएगी BJP, मथुरा में बनी चुनावी रणनीति
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा ने अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है. पार्टी श्रीकृष्ण जन्मभूमि, UCC, विकास, सुरक्षा और राष्ट्रवाद पर जोर देगी.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी एक तरफ मतदाता सूची को लेकर सक्रिय है, वहीं दूसरी ओर जनता के बीच चुनावी मुद्दों को लेकर पहुंचने की रणनीति भी बना रही है. इसी सिलसिले में मंगलवार को मथुरा में आयोजित चिंतन शिविर में चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई.
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में तय किया गया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में पांच प्रमुख मुद्दों को केंद्र में रखकर जनता के बीच जाएगी. इनमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि, समान नागरिक संहिता (UCC), इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रवाद शामिल हैं.
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर रहेगा खास जोर
भाजपा 2027 के चुनाव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है. पार्टी इसे अपने राजनीतिक और वैचारिक एजेंडे का अहम हिस्सा बनाएगी. सूत्रों का दावा है कि इस मुद्दे के जरिए भाजपा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी घेरने की कोशिश करेगी. इससे यादव वोटों की राजनीति को लेकर सपा पर दबाव बनाने की रणनीति है.
Also Read
इन पांच मुद्दों पर तैयार होगा चुनावी एजेंडा
मथुरा के चिंतन शिविर में भाजपा ने पांच प्रमुख मुद्दों पर चुनावी रणनीति बनाने पर जोर दिया. इनमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर, समान नागरिक संहिता, बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों को बढ़ावा देना, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तथा राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत शामिल हैं.
अमित शाह ने दिया था बूथ स्तर पर सक्रियता का संदेश
इससे पहले भाजपा की कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी नेताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय होने का संदेश दिया था. हाल ही में संगठन की एक अन्य बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेता शामिल हुए थे. इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और सीटवार चुनावी समीकरणों पर चर्चा हुई थी.
पीएम मोदी और अमित शाह करेंगे रैलियां
माना जा रहा है कि भाजपा आने वाले दिनों में अपना चुनावी अभियान और तेज करेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कई रैलियां भी प्रस्तावित हैं. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली जाकर अमित शाह से मुलाकात करने की भी जानकारी सामने आई है.