सड़क नाले से लेकर निगम की जमीन तक, बरेली में कब्जा करने वालों की खैर नहीं! नोटिस के बाद अब इन जगहों पर चलेगा बुलडोजर

उत्तर प्रदेश के बरेली में नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान की तैयारी शुरू कर दी है. सड़कों, नालों, पार्कों और नगर निगम की जमीन पर कब्जों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए जाएंगे.

Pinterest
Reepu Kumari

उत्तर प्रदेश के बरेली में सड़क, नाले और नगर निगम की जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अब कार्रवाई की तैयारी तेज हो गई है. मंगलवार देर शाम नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की अध्यक्षता में संपत्ति और अतिक्रमण विभाग की बैठक हुई. इसमें सीएम ग्रिड फेस 3 और फेस 4 सहित अलग अलग क्षेत्रों में कब्जों को चिन्हित करने और संबंधित लोगों को नोटिस देने के निर्देश दिए गए.

नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिन स्थानों पर कब्जे पाए जाएंगे, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों को अतिक्रमण चिन्हित करने के साथ जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. अभियान के तहत सड़क, नाले, पार्क और निगम की जमीन से जुड़े मामलों को शामिल किया गया है.

एकता नगर में सड़क की चौड़ाई को लेकर बड़ा खुलासा

एकता नगर बीडीए कॉलोनी में गली निर्माण की समीक्षा के दौरान सड़क पर अतिक्रमण का मामला सामने आया. नगर आयुक्त के मुताबिक बीडीए के अभिलेखों में सड़क की चौड़ाई नौ मीटर दर्ज है, लेकिन भवन स्वामियों द्वारा किए गए कब्जे के बाद मौके पर इसकी चौड़ाई महज चार से पांच मीटर रह गई है.


मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने और सड़क को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए गए. नगर निगम का उद्देश्य सड़क की निर्धारित चौड़ाई को बहाल करना है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो.

नालों और पार्कों पर भी होगी कार्रवाई

वार्ड 44 और वार्ड 67 में नालों पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही शहर के दूसरे वार्डों में भी नालों पर हुए कब्जों की पहचान करने और संबंधित लोगों को नोटिस देने को कहा गया है. अधिकारियों को यह काम प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश मिले हैं.

नगर निगम के अनुसार नालों पर कब्जे की वजह से सफाई और जल निकासी प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा कुछ पार्कों में अतिक्रमण और पार्किंग से जुड़ी शिकायतें भी सामने आई हैं. ऐसे पार्कों को चिन्हित करने की जिम्मेदारी प्रभारी उद्यान को दी गई है.

किला नदी का होगा एरियल सर्वे

किला नदी क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति का पता लगाने के लिए एरियल सर्वे कराने की तैयारी है. इसके लिए तहसील की टीम के साथ समन्वय किया जाएगा. सर्वे के बाद अतिक्रमण से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं.

इसके अलावा मठ कमल नैयनपुर में नाला निर्माण में बाधा बन रहे अवरोधों को हटाने के लिए भी नोटिस जारी करने को कहा गया है. नगर निगम अलग अलग विभागों के साथ समन्वय कर इन मामलों में आगे की कार्रवाई करेगा.

निगम की जमीन की होगी पैमाइश

वार्ड 56 कुंवरपुर में नगर निगम की संपत्ति पर कब्जे की शिकायत सामने आने के बाद तहसील की टीम के साथ जमीन की पैमाइश कराने के निर्देश दिए गए हैं. मौके पर कुछ लोगों द्वारा बाउंड्री पोल उखाड़ने की बात भी सामने आई है. संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

ईंट पजाया चौराहे पर नगर निगम की करीब 1000 वर्ग गज जमीन पर टीन शेड डालकर किए गए कब्जे को भी चिन्हित कर तत्काल हटाने को कहा गया है. संजयनगर में श्मशान भूमि के बराबर निगम की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर पैमाइश के बाद जमीन सुरक्षित कराने के निर्देश दिए गए.

सड़क के बीच लगे बिजली के पोल भी हटेंगे

मुंशी नगर में नहर किनारे के मार्ग पर सड़क के बीच लगे बिजली के पोलों को हटाने की तैयारी है. नगर निगम ने विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर इन पोलों को सड़क के किनारे शिफ्ट कराने के निर्देश दिए हैं. इसका उद्देश्य सड़क पर आवागमन को बेहतर करना है.

वहीं नैनीताल रोड पर जीआरएम स्कूल के बराबर अंदर जाने वाले मार्ग पर हुए अतिक्रमण को भी चिन्हित कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं. नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि नगर निगम की संपत्तियों और अन्य स्थानों से कब्जे हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा.