IPL 2026 US Israel Iran War

बरेली कैफे हिंसा: बर्थडे पार्टी में लव जिहाद का आरोप, बजरंग दल से जुड़े 6 लोग गिरफ्तार

बरेली के एक कैफे में बर्थडे पार्टी के दौरान हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने नाबालिग समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मामला तूल पकड़ गया.

X/@TheRFTeam
Kanhaiya Kumar Jha

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक कैफे के अंदर आयोजित बर्थडे पार्टी उस समय हिंसा में बदल गई, जब कुछ युवकों पर कथित तौर पर लव जिहाद का आरोप लगाकर हमला किया गया. यह घटना प्रेम नगर थाना क्षेत्र की है, जहां मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की. अब इस प्रकरण में नाबालिग समेत छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

दरअसल, यह घटना प्रेम नगर थाना क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट कैफे में हुई. यहां एक छात्रा की बर्थडे पार्टी चल रही थी, जिसमें उसके कुछ मुस्लिम सहपाठी भी शामिल थे. इसी दौरान कुछ युवकों ने पार्टी में मौजूद लोगों पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. बात इतनी बढ़ गई कि कैफे के अंदर जमकर मारपीट हुई और वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए.

दो लोग हुए गंभीर रूप से घायल

मारपीट के दौरान पार्टी में शामिल दो युवकों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने बिना किसी उकसावे के हमला किया. कैफे में मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन स्थिति काफी देर तक नियंत्रण में नहीं आ सकी. घटना के बाद कैफे में अफरा-तफरी का माहौल रहा.

वायरल वीडियो से तेज हुई कार्रवाई

घटना के कुछ वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. जांच में साफ हुआ कि मारपीट सुनियोजित तरीके से की गई थी. इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग जगह दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया.

नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रिंस, आकाश, आशीष, मृदुल और दीपक बताए गए हैं, जो सभी इज्जतनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं. नाबालिग आरोपी के खिलाफ विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है. सभी वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है.

बजरंग दल ने लगाए पक्षपात के आरोप

गिरफ्तारी के बाद बजरंग दल के एक पदाधिकारी ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया. विभाग सह संयोजक आर्यन चौधरी ने वीडियो जारी कर कहा कि संगठन को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि लव जिहाद की सूचना पर कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे. पुलिस ने साफ किया है कि जांच निष्पक्ष है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.