अखिलेश-मायावती समेत 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट, चुनाव से पहले योगी सरकार का बड़ा सुरक्षा फैसला

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी गई हैं. सूची में अखिलेश यादव, मायावती समेत कई मंत्री, सांसद और प्रमुख राजनीतिक चेहरे शामिल हैं.

X
Sagar Bhardwaj

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले योगी सरकार ने 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई है. इनमें समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और प्रदेश सरकार के 11 कैबिनेट मंत्री शामिल हैं. मंत्री संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, ओम प्रकाश राजभर और भाजपा नेता अपर्णा यादव का नाम भी इस सूची में बताया गया है. यह पहली बार है जब प्रदेश में नेताओं को इस तरह की सुरक्षा दी गई है.

डेढ़ लाख रुपये की एक जैकेट

बुलेटप्रूफ जैकेट की खरीद उत्तर प्रदेश पुलिस के सुरक्षा मुख्यालय की ओर से की गई है. एक जैकेट की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, पहले चरण में आठ नेताओं को जैकेट दी गई थी, जबकि दूसरे चरण में 44 और नेताओं को यह सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराया गया. हालांकि सरकार ने इसके पीछे कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया है.

सुरक्षा मानकों में हुआ बदलाव

सुरक्षा मुख्यालय से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक, पहले बुलेटप्रूफ जैकेट नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा नहीं थी. अब इसे सुरक्षा मानकों में शामिल किया गया है. सूत्रों के अनुसार, 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए एहतियाती तौर पर यह व्यवस्था की गई है. मंत्री संजय निषाद ने बताया कि उन्हें जैकेट तो मिल गई है, लेकिन इसे पहनने का तरीका अभी नहीं बताया गया है.


 यूपी में 98 नेताओं को अलग-अलग सुरक्षा

उत्तर प्रदेश में कुल 98 नेताओं और प्रमुख व्यक्तियों को विभिन्न श्रेणियों की सुरक्षा मिली हुई है. इनमें 26 लोगों को Y श्रेणी, 10 को Y-प्लस और अन्य लोगों को एस्कॉर्ट के साथ Y या Y-प्लस सुरक्षा दी गई है. 12 लोगों के पास Z-प्लस सुरक्षा है. इस सूची में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव और मायावती समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं.

 कई बड़े राजनीतिक चेहरे सुरक्षा घेरे में

Z श्रेणी की सुरक्षा पाने वालों में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा भी शामिल हैं. वहीं संगीत सोम, बृजभूषण शरण सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी जैसे नेताओं को भी सुरक्षा मिली है. Y-प्लस श्रेणी में ओम प्रकाश राजभर, लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेबी रानी मौर्य और बलदेव सिंह औलख समेत कई नेता शामिल हैं.

 संजय निषाद को Y श्रेणी की सुरक्षा

मत्स्य मंत्री संजय निषाद को एस्कॉर्ट के साथ Y श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है. इसके अलावा पंकज सिंह, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, पूर्व राज्यपाल फागू चौहान, अपर्णा बिष्ट यादव, सांसद बृजलाल, राजवीर सिंह और विधायक पूजा पाल समेत कई लोगों को भी अलग-अलग श्रेणी की सुरक्षा दी गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 10 लोगों को Y-प्लस, 26 को Y और 17 लोगों को X श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है.