वाराणसी में महिलाओं ने दुकान से चुराए 10 हजार के अंडरगारमेंट्स, वीडियो में कैद हुई 'घिनौनी' हरकत, व्यापार मंडल अध्यक्ष का नाम भी आया सामने

वाराणसी के लहुराबीर में महिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनीता सोनी पर अपनी बेटी और ननद के साथ 10 हजार रुपये के अंडरगारमेंट्स चुराने का आरोप लगा है. घटना सीसीटीवी में कैद हुई, पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

@Benarasiyaa
Kuldeep Sharma

वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र के लहुराबीर इलाके में एक अंडरगारमेंट्स की दुकान से चोरी की घटना ने शहर में हलचल मचा दी है. महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी पर अपनी बेटी और ननद के साथ मिलकर करीब 10 हजार रुपये के अंडरगारमेंट्स चुराने का गंभीर आरोप लगा है.

पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. दुकानदार सुदीप सिंह ने चेतगंज थाने में धारा 379 के तहत शिकायत दर्ज कराई है. सुनीता सोनी पहले नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर रह चुकी हैं और कई नामी लोगों के साथ उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं.

सीसीटीवी में कैद हुई चोरी

24 फरवरी की शाम तीन महिलाएं ‘अमाते स्टोर’ में घुसीं. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखता है कि सेल्स गर्ल को बातों में उलझाकर एक महिला ने बैग में अंडरगारमेंट्स भरे. बिना कोई सामान खरीदे तीनों चुपके से निकल गईं. स्टॉक चेक के दौरान दुकानदार को नुकसान का पता चला और उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत की.

यहां देखें वीडियो

आरोपी पर समाजसेविका का हमला

समाजसेविका चांदनी श्रीवास्तव ने इस घटना को बेहद शर्मनाक करार दिया. उन्होंने कहा कि सुनीता सोनी रसूख और रिश्तों के बल पर पहले भी बचती रही हैं, लेकिन इस बार सबूत स्पष्ट हैं. चांदनी ने मांग की कि बड़े पदों पर रहने वाली और नामचीन हस्तियों के साथ फोटो खिंचवाने वाली महिला पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. 

सुनीता सोनी का बचाव

सुनीता सोनी ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह जौनपुर से आई रिश्तेदारों के साथ दुकान गई थीं. उन्हें नहीं पता कि उनके साथ गई महिलाओं ने क्या किया. उन्होंने दावा किया कि जैसे ही जानकारी मिली, उन्होंने दुकानदार से संपर्क करने की कोशिश की और सामान का भुगतान करने को तैयार हैं. सुनीता ने विरोध करने वालों को ‘तथाकथित संगठन’ का हिस्सा बताकर बदनामी की साजिश का आरोप लगाया.

पुलिस जांच में तेजी

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. आरोपी महिला के रसूखदार होने से शहर में चर्चा तेज है. पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपियों से पूछताछ होगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह मामला अब व्यापारिक और सामाजिक हलकों में गर्म बहस का विषय बन गया है.