IPL 2026

30 साल का आदमी, 13 की लड़की, इंस्टा पर दोस्ती के बाद किया रेप, होश उड़ा देगी यह कहानी

Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्यार का एक किस्सा रेप और आत्महत्या तक पहुंच गया है. 13 साल की लड़की की आत्महत्या के बाद पुलिस ने उसके कथित प्रेमी और रेप के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि पीड़िता के परिजन पर दबाव बनाया जा रहा था जिसके चलते उसने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी.

Social Media
India Daily Live

इन दिनों सोशल मीडिया का जबरदस्त क्रेज है. लोग इसी के जरिए दोस्ती करते हैं. कई बार दोस्ती प्यार में बदल जाती है. कई बार यह प्यार अच्छे मुकाम तक जाता है तो कुछ मामले ऐसे भी आते हैं जहां यही सोशल मीडिया वाला प्यार लोगों की जान ले लेता है. ताजा मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का है. इस बार इस सोशल मीडिया वाले प्यार का शिकार 13 साल की एक नाबालिग लड़की हुई है. इस लड़की के प्रेमी ने उसे मिलने बुलाया और फिर रेप किया. लड़की ने घर आकर अपने घरवालों को इसकी जानकारी तो दे दी लेकिन उसने अपनी जान ले ली. अब परिजन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.

रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की के इस प्रेमी हिमांशु सोनी ने रेप के अलावा उसके साथ मारपीट भी की थी. उसने धमकी भी दी थी कि अगर किसी को इसके बारे में बताया तो वह उसकी जान ले लेगा. लड़की ने जैसे-तैसे अपने घरवालों को पूरी बात तो बताई लेकिन इस घटना की वजह से वह काफी तनाव में थी. आखिर में उसने अपने ही घर के एक पंखे से लटककर अपनी जान दे दी. लड़की 8वीं कक्षा में पढ़ती थी. उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई भी है.

पुलिस ने क्या कहा?

गाजियाबाद के एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया, '13 साल की एक लड़की की मौत आत्महत्या की वजह से हुई है. कल लड़की के परिजन ने हमें सूचना दी थी कि वह 30 साल के एक शख्स हिमांशु सोनी के संपर्क में इंस्टाग्राम के जरिए आई थी. हिमाशु ने उसे मिलने बुलाया था. वह लड़की को एक अनजान जगह पर ले गया और उसका रेप किया. इसी जानकारी के आधार पर हमने केस दर्ज कर लिया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस केस की जांच जारी है.'

बताया गया है कि हिमांशु ने लड़की को 17 जून को मिलने बुलाया था. इसी दौरान उसने यह कुकर्म किया. घरवालों ने बताया कि लौटने के बाद से वह न तो खाना खा रही थी और न ही किसी से कोई बात कर रही थी. 19 जून को उसने फांसी लगाकर जान दे दी. घरवालों ने जैसे-तैसे उसे पंखे से उतारा और अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई. अब यह भी कहा जा रहा है कि हिमांशु की गिरफ्तारी के बाद से लड़की के परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है कि वह समझौता कर लें.