शेख हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश वापसी की तैयारी! क्या लौटते ही होगी गिरफ्तारी?
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. भारत में दो साल से अधिक समय से रह रहीं हसीना ने अब बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है.
नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. भारत में दो साल से अधिक समय से रह रहीं हसीना ने अब बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है. खास बात यह है कि यह तारीख बांग्लादेश के विजय दिवस की है. हालांकि, उनकी वापसी आसान नहीं दिख रही, क्योंकि उनके खिलाफ गंभीर कानूनी मामले हैं और बांग्लादेश के एक मंत्री ने लौटने पर गिरफ्तारी की बात कही है.
सरकार से बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की व्यवस्था करने की मांग:
खबरों के अनुसार, हसीना 16 दिसंबर को भारत से ढाका लौटना चाहती हैं. उन्होंने बांग्लादेश सरकार से अनुरोध किया है कि दिल्ली से ढाका तक उनकी यात्रा के लिए सरकारी एयरलाइन 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' का इंतजाम किया जाए.
जानकारी के मुताबिक, 5 अगस्त 2024 को जब हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत आई थीं, तब उनके लिए बांग्लादेशी विमान का इस्तेमाल हुआ था. उनका कहना है कि अब सरकार की जिम्मेदारी है कि उनकी वापसी की व्यवस्था भी करे. यह पहली बार है जब हसीना की ओर से वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख बताई गई है.
Also Read
- Nvidia में जेन्सेन हुआंग की धमाकेदार वापसी, कर्मचारियों ने तालियों और गले लगाकर किया स्वागत
- 'ईरान का आक्रामक रुख, शेयर बाजार में गिरावट और...', अमेरिकी मिडटर्म चुनावों से पहले ट्रंप ने की थीं ये 3 भविष्यवाणियां
- ट्रंप का ईरान पर बड़ा आरोप, डेमोक्रेट्स की जीत के बाद बढ़े मिसाइल हमले; नए साल में युद्ध का खतरा?
क्या लौटते ही गिरफ्तार होंगी शेख हसीना?
हसीना की वापसी को लेकर सबसे बड़ा सवाल उनकी गिरफ्तारी का है. बांग्लादेश के एक मंत्री ने पहले कहा था कि अगर हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. वहीं, बांग्लादेश सरकार की ओर से विमान की व्यवस्था या उनकी वापसी पर कोई आधिकारिक सहमति सामने नहीं आई है.
दरअसल, नवंबर 2025 में बांग्लादेश की युद्ध अपराध अदालत ने हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी. उन पर 2024 के छात्र आंदोलन को दबाने के लिए हिंसक कार्रवाई का आदेश देने का आरोप था. हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है.
2024 की हिंसा के बाद छोड़नी पड़ी थी सत्ता:
बांग्लादेश में 2024 में छात्र आंदोलन के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी. संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, इस दौरान करीब 1,400 लोगों की मौत हुई. आंदोलन के बाद 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर देश से बाहर जाना पड़ा था. इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं.