आगरा: ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिरी 120 साल पुरानी इमारत, भारी बारिश बनी वजह
आगरा: शुक्रवार को थाना छत्ता क्षेत्र के व्यस्त बेलनगंज बाजार में करीब 120 साल पुरानी दो मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर गई.
120 Year Old Building Collapses in Agra: ताजनगरी आगरा में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश पुराने और जर्जर भवनों पर भारी पड़ने लगी है. शुक्रवार को थाना छत्ता क्षेत्र के व्यस्त बेलनगंज बाजार में करीब 120 साल पुरानी दो मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिर गई. इमारत ढहने से इलाके में दहशत फैल गई, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई. एक बड़ा हादसा बाल-बाल टल गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह जर्जर मकान संदीप जैन का है और लंबे समय से खाली पड़ा था. लगातार बारिश से दीवारें और नींव कमजोर हो गई थीं. अचानक मकान का अगला हिस्सा सड़क की तरफ गिर पड़ा. घटना के समय वहां से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था, इसलिए बड़ा नुकसान नहीं हुआ. मकान के बाहर खड़ी एक स्कूटी मलबे के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई. इमारत गिरने का दृश्य कैमरे और मोबाइल में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
Also Read
प्रशासन की कार्रवाई:
सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई. सुरक्षा के लिए बेलनगंज बाजार वाले रास्ते का ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया. नगर निगम की टीम जेसीबी से मलबा हटाने में जुटी है, ताकि आवागमन सामान्य हो सके. प्रशासन ने आसपास के अन्य जर्जर मकानों को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. लगातार बारिश के कारण शहर में पुरानी इमारतों के गिरने का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन सतर्क है.