menu-icon
India Daily

पिता अस्पताल में... इधर बेटे की बेरहमी से हत्या, जंगल में कट्टे से ढका मिला शव; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

धौलपुर के बाड़ी क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र मनोज कुमार मीणा का शव जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. शरीर पर चोट के निशान और सिर कुचला होने से हत्या की आशंका है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पिता अस्पताल में... इधर बेटे की बेरहमी से हत्या, जंगल में कट्टे से ढका मिला शव; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
Courtesy: Pinterest (Representative image)

धौलपुर: राजस्थान के धौलपुर जिले में एक 16 वर्षीय कॉलेज छात्र की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के पंजाबीपुरा गांव के पीछे निधारा के जंगल में छात्र मनोज कुमार मीणा का शव प्लास्टिक के कट्टे से ढका हुआ मिला. शव पर चोट के कई निशान थे, जबकि सिर पत्थरों से कुचला हुआ मिला. पुलिस को धारदार हथियार से हमला किए जाने के भी संकेत मिले हैं. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.

मृतक की पहचान 16 वर्षीय मनोज कुमार मीणा के रूप में हुई है, जो कंचनपुर थाना क्षेत्र के कुहावनी गांव का रहने वाला था. वह राजकीय महाविद्यालय बाड़ी में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था. बताया जा रहा है कि उसके पिता का कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में पैर टूट गया था और उनका धौलपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. मां अस्पताल में उनकी देखभाल कर रही थीं, जबकि घर पर मनोज अपने छोटे भाई और बहन के साथ था.

क्या है पूरा मामला?

रविवार दोपहर मनोज अपनी भैंसों को चराने के लिए पंजाबीपुरा गांव के पीछे स्थित जंगल में गया था. देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर छोटे भाई बहन और परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई. काफी खोजबीन के बाद झाड़ियों के बीच प्लास्टिक के कट्टे से ढका उसका शव मिला. जब कट्टा हटाया गया तो शरीर पर चोट के निशान और सिर बुरी तरह कुचला हुआ मिला.

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. हत्या से नाराज लोगों ने शव को बाड़ी बसेड़ी मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. कई घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन जारी रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ.

क्या लिया गया एक्शन?

सूचना मिलने पर बाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार, पुलिस उपाधीक्षक महेंद्र कुमार मीणा और सदर थाना प्रभारी मोहर सिंह मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.

पुलिस का क्या है कहना?

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.