होली पर एक ही परिवार के दो गुटों में खूनी संघर्ष, जमीन विवाद में जमकर चली लाठियां; 7 घायल
राजस्थान के दौसा जिले में एक परिवार के दो गुटों के बीच शुरु हुआ छोटा सा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. इस मामले में 7 लोग घयाल हो गए.
होली रंगों का त्योहार लेकिन यह भी सच है कि आज के समय में केवल यही एक ऐसा त्योहार जिसमें लोग अपने घरों में रहने के बजाए सड़कों पर निकलते हैं. जिसका नतीजा यह होता है कि कहीं ना कहीं किसी ना किसी भी लड़ाई-झगड़े शुरू हो जाते हैं. राजस्थान के दौसा जिले में भी कुछ ऐसा ही हुआ. होली का त्योहार दो पक्षों के खूनी संघर्ष में बदल गया.
मिल रही जानकारी के मुताबिक इस मामले में 7 लोग घायल हो गए, जिसमें चार महिलाएं भी शामिल हैं. इन सभी घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. वहीं पुलिस ने मामले पर एक्शन लेते हुए सात लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है.
जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदल
दौसा जिले के लालसोट क्षेत्र के रालावास गांव का यह मामला मंगलवार शाम का बताया जा रहा है. जहां एक ओर होली की तैयारी की जा रही थी, वहीं दूसरी तरफ जमीन का पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल चुका था. इस मामले में एक ही परिवार के दो गुटों के बीच लड़ाई चल रही थी. जिसमें दोनों पक्षों के बीच मकान बनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरु हुई थी.
छोटे से बात पर शुरु हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया. इस मामले में रमेश कोली और बिमला देवी समेत कई लोग घायल हो गए. हालांकि घटना के बार में सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लड़ाई को रुकवाकर घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां घायलों का इलाज जारी है.
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. जमीन विवाद को लेकर विवादों के मामले में बढ़ोतरी हुई है. खास कर राजस्थान, यूपी और झारखंड जैसे राज्यों में जमीन विवाद में लोग अपने ही भाई की जान लेने पर भी आतुर हो जाते हैं. भाई तो भाई कई मामलों में पिता की भी हत्या की जानकारी मिली है. हालांकि ऐसे मामले ना केवल इन राज्यों में बल्कि देश के कई राज्यों में देखने को मिलता है लेकिन इन राज्यों में ऐसे मामलों की संख्या ज्यादा है.