Rajasthan Weather Update: तेज गर्मी के बाद बारिश, 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी; जानें कब मिलेगी राहत?
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदला, कई जिलों में आंधी और बारिश हुई. आज अलवर, भरतपुर और धौलपुर में आंधी-बारिश की संभावना, कुछ जिलों में लू की चेतावनी जारी. तापमान में गिरावट आई है.
Rajasthan Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान के मौसम में अचानक बदलाव आ गया है. शनिवार को राज्य के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई. गंगानगर, हनुमानगढ, कोटा, बूंदी और चूरू में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई, जबकि जयपुर में भी हल्की बौछारें पड़ी. जालोर में ओले भी गिरे, जिससे मंडियों में रखे अनाज भी भीग गए.
मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल को राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना है. अलवर, भरतपुर और धौलपुर में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है. इसके अलावा 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की आशंका है.
लू का अलर्ट जारी
मौसम बदलने के बावजूद कई जिलों में लू की संभावना बनी हुई है. मौसम केंद्र जयपुर ने 27 अप्रैल को कोटा, बारां, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, हनुमानगढ, जोधपुर, गंगानगर, बाड़मेर और जैसलमेर में लू चलने का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा बाड़मेर और जैसलमेर में हीट वेव का अलर्ट जारी है. सोमवार 28 अप्रैल को भी कई जिलों में उष्ण लहर की चेतावनी दी गई है.
Also Read
- जामा मस्जिद के बाहर पोस्टर को लेकर मचा बवाल, लोगों ने किया विरोध प्रर्दशन; MLA बालमुकुंदाचार्य पर लगे गंभीर आरोप
- राजस्थान में हैवान पिता ने नवजात बेटी को चारपाई से फेंका, पत्नी और जुड़वां बेटियों को सड़क पर छोड़कर फरार
- Rajasthan Weather: तपती गर्मी से राजस्थान को जल्द मिलेगी राहत, कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी
तापमान में गिरावट के बावजूद गर्मी का असर
राजस्थान के विभिन्न प्रमुख शहरों में तापमान में गिरावट आई है, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ है. बाड़मेर का तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 43.5 डिग्री सेल्सियस और गंगानगर में भी 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. वहीं पर राजधानी जयपुर का तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद
मौसम केंद्र जयपुर के अधिकारियों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले 2-3 दिनों तक रह सकता है. इसके बाद तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. हालांकि, लू और हीट वेव का प्रभाव कुछ दिनों तक बना रह सकता है.
गर्मी में राहत के संकेत
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश और आंधी के बाद अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जिससे प्रदेशवासियों को राहत मिल सकती है.