menu-icon
India Daily

आरटीओ इंस्पेक्टर ने सिर मारकर ट्रक ड्राइवर को किया घायल, बाल-बाल बची आंख, वीडियो वायरल होने के बाद गिरी गाज

वीडियो सामने आने के बाद परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरटीओ सुरेश विश्नोई तो तुरंत निलंबित कर दिया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
आरटीओ इंस्पेक्टर ने सिर मारकर ट्रक ड्राइवर को किया घायल, बाल-बाल बची आंख, वीडियो वायरल होने के बाद गिरी गाज
Courtesy: JBT

राजस्थान के चूरू जिले में एक सरकारी अधिकारी का बेहद अमानवीय चेहरा सामने आया है. सुजानगढ़ डीटीओ कार्यालय में तैनात परिवहन निरीक्षक (RTO) सुरेश कुमार विश्नोई ने रविवार सुबह बीच सड़क पर ट्रक ड्राइवर के साथ ना केवल बदसलूकी की बल्कि अपना सिर मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. आरटीओ इंस्पेक्टर के हमले में ट्रक ड्राइवर बुरी तरह घायल हो गया और उसकी आंख के पास गहरा घाव हो गया. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होते ही आरोपी निरीक्षक तो तुरंत सस्पेंड कर दिया गया.

बाल-बाल बची ट्रक ड्राइवर की आंख

घटना रविवार सुबह रतनगढ़ में नेशनल हाईवे-11 पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास की है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला 24 वर्षीय ट्रक ड्राइवर एहसान अहमद सामान भरकर यूपी से भदोही जा रहा था. इसी दौरान परिवहन निरीक्षक सुरेश विश्नोई हाइवे पर गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे. जैसे ही उन्होंने ट्रक रुकवाया तभी लाइसेंस को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई.

बहस इतनी बढ़ गई कि आरटीओ ने ट्रक ड्राइवर का मोबाइल छीन लिया, जब ड्राइवर ने इसका विरोध किया तो आरटीओ ने अपना आपा खो दिया और ड्राइवर के चेहरे पर अपने सिर से हमला कर दिया. इस हमले में ट्रक ड्राइवर की आंख बाल-बाल बच गया अन्यथा उसकी आंख भी फूट सकती थी.

भीड़ ने लगाई आरटीओ की क्लास

ट्रक ड्राइवर के खून निकलता देख वहां इकट्ठा भीड़ बेकाबू हो गई और उसने आरटीओ की जमकर क्लास लगाई. लोगों ने कहा कि ये कौन सा तरीका है किसी के साथ पेश आने का. इसके बाद आरटीओ साहब भीगी बिल्ली बन गए और कहने लगे गलती हो गई गलती हो गई लेकिन तब तक मामला बिगड़ चुका था. भीड़ में मौजूद किसी शख्स ने इस घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.

आरटीओ इंस्पेक्टर पर गिरी गाज

वीडियो सामने आने के बाद परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरटीओ सुरेश विश्नोई तो तुरंत निलंबित कर दिया. निलंबत अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जयपुर रहेगा. ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर वीडियो को सबूत के तौर पर अपने कब्जे में ले लिया है.