menu-icon
India Daily

राजस्थान में भारत पेट्रोलियम का तेल टैंकर पलटने से लगी भीषण आग, जिंदा जला ड्राइवर; सामने आया खौफनाक वीडियो

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के दौरान तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई. इस हादसे में मोखावा गांव निवासी 34 वर्षीय सुखराम मेघवाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. 

Anuj
Edited By: Anuj
राजस्थान में भारत पेट्रोलियम का तेल टैंकर पलटने से लगी भीषण आग, जिंदा जला ड्राइवर; सामने आया खौफनाक वीडियो
Courtesy: x

जालौर: राजस्थान के जालोर जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. तेल टैंकर पलटने के बाद उसमें भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक घटना में एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली. हालांकि, वह गंभीर रूप से झुलस गया है.

जानकारी के अनुसार, टैंकर बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहा था. जैसे ही यह जैसलमेर-जामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-68) पर सिडवाड़ा ओवरब्रिज के पास पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ने से पलट गया. टैंकर के पलटते ही उसमें आग लग गई, जो कुछ ही क्षणों में विकराल रूप ले बैठी.

जिंदा जल एक व्यक्ति

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के दौरान तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई. इस हादसे में मोखावा गांव निवासी 34 वर्षीय सुखराम मेघवाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. 

बुरी तरह झुलसा 26 वर्षीय युवक

वहीं, टैंकर में मौजूद 26 वर्षीय नरसीराम मेघवाल ने खतरा भांपते ही तुरंत बाहर कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया. उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

मौके पर अफरा-तफरी मची

आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि हाईवे का एक बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया, जिससे यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. बाद में सांचौर से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

भारत पेट्रोलियम का था टैंकर

बताया जा रहा है कि यह टैंकर गुजरात नंबर का था और भारत पेट्रोलियम से जुड़ा हुआ था. फिलहाल, पुलिस ने मौके पर हालात को नियंत्रण में कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है.