Rashmika Mandanna-Vijay Deverakonda Wedding: जानें राजस्थान में क्यों है रॉयल वेडिंग का क्रेज, शादी के लिए क्यों है पहली पसंद
राजस्थान अब सिर्फ रेत और किलों के लिए नहीं बल्कि भव्य शादियों के लिए पहचाना जा रहा है. उदयपुर से रणथंभौर तक सेलिब्रिटी वेडिंग्स ने इसे एक लग्जरी वेडिंग ब्रांड बना दिया है. जानें कैसे बदली राज्य की तस्वीर और कितना बड़ा है यह कारोबार.
राजस्थान की पहचान कभी रेत के टीलों, किलों और शाही इतिहास से जुड़ी थी. लेकिन अब तस्वीर बदल रही है. आज जब राजस्थान का नाम आता है तो दिमाग में डिजाइनर लहंगे, शाही महल और करोड़ों की डेस्टिनेशन वेडिंग की छवि उभरती है. देश और विदेश की हस्तियां यहां शादी कर रही हैं और इसे अपना ड्रीम सेट बना रही हैं.
इन दिनों चर्चा इसलिए भी है क्योंकि विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना उदयपुर में 26 फरवरी को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. प्री वेडिंग फंक्शन जोर शोर से चल रहे हैं. शादी में परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे. सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं और बाहरी टीमें भी तैनात की गई हैं.
राजस्थान क्यों बना ड्रीम वेडिंग सेट
देश में लग्जरी होटल कई जगह हैं, लेकिन राजस्थान की खासियत इसकी लोकेशन, विरासत और विजुअल ड्रामा है. उदाहरण के लिए मेहरानगढ़ किला के सामने फेरे लेने की तस्वीर किसी भी बीच वेडिंग से ज्यादा सिनेमैटिक लगती है. यही वजह है कि राजस्थान ने खुद को सिर्फ टूरिस्ट स्टेट नहीं बल्कि वेडिंग डेस्टिनेशन ब्रांड बना लिया है.
Also Read
- करण कुंद्रा ने पार की प्यार की सारे हदें, सीने पर दिया मोहब्बत का सबूत, गुदवाया लेडी लव तेजस्वी प्रकाश का चेहरा
- ViRosh Wedding: रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा के संगीत की झलक आई सामने, उसी गानें पर थिरकेंगे जिससे शुरू हुई थी लव स्टोरी
- डिलीवरी के तीन महीने बाद दिखीं कैटरीना कैफ, वायरल वीडियो में देखें एक्ट्रेस के चेहरे का 'न्यू मॉम' ग्लो
ट्रेंड सेट करने वाली शादी
राजस्थान में रॉयल वेडिंग का ट्रेंड अचानक नहीं आया. साल 2007 में ब्रिटिश एक्ट्रेस Elizabeth Hurley और भारतीय उद्योगपति Arun Nayar की शादी जोधपुर के Umaid Bhawan Palace में हुई थी. कई दिनों तक चले इस समारोह ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान खींचा. माना जाता है कि इसी शादी ने दुनिया को दिखाया कि भारत में भी यूरोप जैसे शाही समारोह हो सकते हैं.
इसके बाद हाई प्रोफाइल शादियों का सिलसिला शुरू हुआ. Katy Perry और Russell Brand ने रणथंभौर में शादी की. फिर प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास, कैटरीना कैफ और विक्की कौशल, कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे सितारों ने भी राजस्थान को चुना. धीरे धीरे यह एक अनकहा नियम बन गया कि रॉयल शादी के लिए लोकेशन राजस्थान होनी चाहिए.
बढ़ता कारोबार और अर्थव्यवस्था
आंकड़े बताते हैं कि राजस्थान में हर साल लाखों शादियां होती हैं. डेस्टिनेशन वेडिंग का हिस्सा तेजी से बढ़ रहा है. कई शादियों का बजट 2 करोड़ से 20 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है. एक बड़े वेडिंग सीजन में हजारों करोड़ का कारोबार होता है. यह पैसा सिर्फ होटल तक सीमित नहीं रहता बल्कि डेकोरेशन, कैटरिंग, लोकल ट्रांसपोर्ट, कलाकार और छोटे व्यवसायों तक पहुंचता है.
अब सिर्फ जयपुर, उदयपुर और जोधपुर ही नहीं बल्कि जैसलमेर, रणथंभौर, पुष्कर और बूंदी भी वेडिंग मैप पर उभर चुके हैं. अकेले रणथंभौर में दर्जनों वेन्यू और सैकड़ों इवेंट हर साल आयोजित होते हैं.
स्टेटस सिंबल बन चुका है राजस्थान
जब किसी जगह का नाम ही स्टेटस सिंबल बन जाए तो समझिए ब्रांडिंग सफल हो चुकी है. राजस्थान ने खुद को लग्जरी वेडिंग ब्रांड के रूप में स्थापित कर लिया है. यहां शादी करना अब सिर्फ समारोह नहीं बल्कि एक स्टेटमेंट बन गया है. रेगिस्तान की धरती पर सजे शाही महल अब सिर्फ इतिहास नहीं बल्कि नई पीढ़ी के सपनों का मंच बन चुके हैं. यही वजह है कि राजस्थान आज वेडिंग इंडस्ट्री का चमकता सितारा बन गया है.