menu-icon
India Daily

दहेज के लिए पीटता था पति, बेहोश हो जाती थी... दो बेटियों संग महिला ने नहर में लगाई छलांग; सुसाइड नोट में लिखे नाम

बीकानेर के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर के किनारे एक महिला के कपड़े, जेवर और सुसाइड नोट मिला. मैना नाम की महिला ने दो बेटियों के साथ नहर में छलांग लगाई. नोट में पति और सास द्वारा दहेज के लिए मारपीट का आरोप लगाया है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
दहेज के लिए पीटता था पति, बेहोश हो जाती थी... दो बेटियों संग महिला ने नहर में लगाई छलांग; सुसाइड नोट में लिखे नाम
Courtesy: grok

बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में RD-605 सत्तासर के पास इंदिरा गांधी नहर (IGNP) के किनारे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. ग्रामीणों को महिला के कपड़े, चप्पल, जेवरात और एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें घरेलू हिंसा और दहेज प्रताड़ना की बात लिखी गई है.

महिला की पहचान नाल बड़ी निवासी मैना के रूप में हुई है. आशंका है कि उसने अपनी दो छोटी बेटियों के साथ नहर में कूदकर जान दे दी. पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर जांच शुरू कर दी है और गोताखोरों की टीम नहर में तलाशी कर रही है.

घटना स्थल पर मिला सुसाइड नोट

मैना ने अपने सुसाइड नोट में पति हीरालाल और सास भंवरी देवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसने लिखा कि पिछले एक साल से दहेज के लिए रोज मारपीट होती थी. पति उसे इतना पीटता था कि वह बेहोश हो जाती थी. सास भी दहेज की मांग करती रहती थी. मैना ने बताया कि उसे पीहर जाने भी नहीं दिया जाता था.

बच्चियों के बारे में भावुक अपील

नोट का सबसे दर्दनाक हिस्सा बेटियों से जुड़ा है. मैना ने लिखा कि सास शराब की आदी है. उसके जाने के बाद बेटियों का क्या होगा, कौन उनका वारिस बनेगा? इसलिए वह उन्हें भी साथ ले जा रही है. महिला ने पुलिस से अपील की कि उसकी मौत के लिए पति और सास को जिम्मेदार ठहराया जाए. 

पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटना स्थल से सुसाइड नोट जब्त किया. महिला के परिजनों को सूचना दे दी गई है. गोताखोरों की मदद से नहर में तलाशी अभियान चल रहा है. पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल इलाके में सदमा और गुस्से का माहौल है.

दहेज प्रताड़ना का दर्द

यह घटना राजस्थान में दहेज और घरेलू हिंसा की गंभीर समस्या को उजागर करती है. मैना जैसे कई मामले सामने आते हैं, जहां महिलाएं प्रताड़ना से तंग आकर ऐसा कदम उठाती हैं. सामाजिक संगठनों ने इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि दोषियों को सजा मिले.