menu-icon
India Daily

राजस्थान में महंगे पेट्रोल-डीजल ने बढ़ाई टेंशन, डीलरों ने खोला इसका बड़ा राज; लगाया ये आरोप

राजस्थान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हुई है. डीलरों ने ऑयल कंपनियों पर सप्लाई कम करने और बिक्री सीमा तय करने का आरोप लगाया है. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
राजस्थान में महंगे पेट्रोल-डीजल ने बढ़ाई टेंशन, डीलरों ने खोला इसका बड़ा राज; लगाया ये आरोप
Courtesy: Pinterest

जयपुर: राजस्थान में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में हुई इस ताजा बढ़ोतरी से आम जनता की चिंताएं बढ़ गई हैं. राज्य की राजधानी जयपुर में पेट्रोल की कीमतें ₹3.25 प्रति लीटर और डीजल की कीमतें ₹3.02 प्रति लीटर बढ़ा दी गई हैं. इससे पहले जयपुर में पेट्रोल ₹104.72 प्रति लीटर बिक रहा था. अब यह आंकड़ा बढ़कर ₹107.97 प्रति लीटर हो गया है. वहीं डीज़ल की कीमत ₹90.21 से बढ़कर ₹93.23 प्रति लीटर हो गई है. 

पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों का आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ने की उम्मीद है. विशेष रूप से परिवहन, फल-सब्ज़ियों और रोजमर्रा की अन्य जरूरी चीजों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.

अन्य शहरों में कितना है दाम?

जोधपुर में पेट्रोल अभी लगभग ₹108.40 प्रति लीटर और डीज़ल ₹93.55 प्रति लीटर बिक रहा है. उदयपुर में पेट्रोल की कीमतें ₹109 के पार चली गई हैं, जबकि डीज़ल की कीमत ₹94 प्रति लीटर के आसपास बनी हुई है. कोटा में पेट्रोल की कीमत लगभग ₹107.60 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹92.90 प्रति लीटर है. इसके अलावा अजमेर में भी पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

पेट्रोल पंप डीलरों ने क्या लगाया आरोप? 

राजस्थान में पेट्रोल पंप डीलरों ने आरोप लगाया है कि तेल मार्केटिंग कंपनियों ने रिटेल आउटलेट्स को ईंधन की सप्लाई में कटौती की है और उपभोक्ताओं को बेचे जाने वाले पेट्रोल और डीजल की मात्रा पर अनौपचारिक सीमाएं लगा दी हैं. डीलरों ने चेतावनी दी है कि इस स्थिति से पेट्रोल पंपों पर कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है.

गुरुवार को तेल कंपनियों को सौंपे गए एक ज्ञापन में राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने कहा कि डीलरों को मोबाइल मैसेज और मौखिक निर्देशों के जरिए व्यक्तिगत ग्राहकों को सीमित मात्रा में ईंधन बेचने के निर्देश दिए जा रहे हैं.

एसोसिएशन के महासचिव ने क्या कहा?

एसोसिएशन के महासचिव शशांक कोरानी के अनुसार इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी IOCL ने कथित तौर पर डीलरों को निर्देश दिया है कि वे डीजल की बिक्री प्रति ग्राहक ₹50,000 और पेट्रोल की बिक्री प्रति ग्राहक ₹5,000 तक सीमित रखें.