देवशयनी एकादशी पर बाबा खाटूश्यामजी के दरबार में उमड़ा आस्था का महासागर, VIP एंट्री हुई बंद
देवशयनी एकादशी पर खाटूश्यामजी मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. मंदिर में वीआईपी दर्शन पूरी तरह बंद रखे गए और सभी भक्तों को 14 कतारों से दर्शन कराए गए.
सीकर: राजस्थान के सीकर स्थित विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में देवशयनी एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही रींगस से लेकर खाटू धाम तक भक्तों का सैलाब नजर आया. हाथों में निशान लिए श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे. पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे धार्मिक माहौल और भी भव्य दिखाई दे रहा है.
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं. मंदिर में इस बार किसी भी प्रकार की वीआईपी एंट्री की व्यवस्था नहीं रखी गई है. सभी श्रद्धालुओं को समान रूप से 14 कतारों के माध्यम से दर्शन कराए जा रहे हैं. मंदिर समिति का कहना है कि इससे सभी भक्तों को बिना भेदभाव के सुगम और व्यवस्थित दर्शन का अवसर मिल रहा है.
कैसी है वहां की व्यवस्था?
भीड़ और गर्मी को देखते हुए मंदिर परिसर में छाया, पेयजल और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था की गई है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन और मंदिर समिति लगातार भीड़ प्रबंधन पर नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े.
Also Read
- श्रद्धांजलि के साथ न्याय की मांग, राजस्थान में NEET छात्रों की याद में निकाला गया कैंडल मार्च
- पिता अस्पताल में... इधर बेटे की बेरहमी से हत्या, जंगल में कट्टे से ढका मिला शव; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
- हवेली की खुदाई में नींव से निकले सोने से भरे 15 कलश, मजदूरों ने आपस में बांट लिया खजाना; मालिक ने दर्ज कराया मुकदमा
श्रद्धालुओं का क्या है कहना?
श्रद्धालुओं ने भी मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की है. उनका कहना है कि दर्शन की प्रक्रिया सुव्यवस्थित है और सभी भक्तों को क्रमवार बाबा श्याम के दर्शन कराए जा रहे हैं. निशान यात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद महाआरती का आयोजन किया गया. इसके बाद बाबा को भोग अर्पित किया गया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
देवशयनी एकादशी के साथ ही चातुर्मास का शुभारंभ भी हो गया है. मंदिर के पुजारी के अनुसार धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में चार महीने की योग निद्रा में चले जाते हैं. इसी कारण आज से अगले चार महीने तक विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते. अब ऐसे शुभ कार्य कार्तिक माह में आने वाली देवउठनी एकादशी के बाद ही दोबारा शुरू होंगे.
इस अवसर पर प्रशासनिक गतिविधियां भी चर्चा में हैं. राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन के खाटू धाम पहुंचने का कार्यक्रम है. वे बाबा श्याम के दर्शन और पूजा अर्चना करने के बाद केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे. इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने और भविष्य की योजनाओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य खाटू धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना है.