menu-icon
India Daily

झुलसाती गर्मी पर ब्रेक, फिर लौटेगी हीटवेव! राजस्थान में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

राजस्थान में अचानक मौसम ने करवट ली है, जिससे राजस्थान वासियों को काफी राहत मिली है. साथ ही IMD ने राज्य के कुछ जिलों में आंधी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
झुलसाती गर्मी पर ब्रेक, फिर लौटेगी हीटवेव! राजस्थान में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट
Courtesy: ANI

राजस्थान में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को मौसम ने अचानक थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं दिख रही. पिछले कुछ दिनों से झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के बीच शुक्रवार को मौसम का मिजाज कुछ बदला और कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. तेज हवाओं और हल्के बादलों ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत पहुंचाई, हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर फिर चेतावनी जारी कर दी है.

राज्य के कई शहरों में तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है. जयपुर, जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली. वहीं मौसम विभाग ने शनिवार के लिए छह जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही 18 मई से पश्चिमी राजस्थान में फिर से गंभीर हीटवेव लौटने की आशंका जताई गई है.

जयपुर में आंधी ने ली महिला की जान

राजस्थान की राजधानी जयपुर में मौसम का बदला रूप राहत तो लेकर आया लेकिन इसके साथ ही इसमें कई हादसे भी हुए. दरअसल तेज आंधी के कारण शिवदासपुरा इलाके में गृह प्रवेश समारोह में टेंट गिर गया. इस हादसे में कई लोग घायल हो गए, जबकि सांगानेर निवासी 55 वर्षीय मुन्नी देवी की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई.

तापमान में गिरावट से मिली राहत

हालांकि आंधी के कारण तापमान में कुछ गिरावट आई.  पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहा, लेकिन तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई. फलोदी में सबसे ज्यादा 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

जबकि चित्तौड़गढ़ में पारा 44.2 डिग्री और टोंक वनस्थली क्षेत्र में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. वहीं जयपुर का तापमान 39.7 डिग्री तक पहुंच गया, जो पहले के मुकाबले कम रहा.

अलग-अलग जिलों में कैसा रहा मौसम

बता दें अजमेर में तापमान लगभग 2 डिग्री घटकर 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सीकर में लगातार तीन दिनों की आंधी और बारिश के बाद मौसम सामान्य हुआ, जिसके बाद तापमान 39 डिग्री तक पहुंचा. उदयपुर में भी गर्मी थोड़ी कम महसूस की गई, जबकि अलवर और कोटा जैसे जिलों में दिन के समय तेज गर्मी बनी रही.

फिर बढ़ेगी गर्मी की मार

हालांकि मौसम विभाग के अनुसार यह राहत अस्थायी है. शनिवार को कुछ इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन 18 मई के बाद तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में गंभीर हीटवेव की स्थिति बन सकती है. विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.