Rajasthan Beawar video: राजस्थान के ब्यावर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है. जिसने पूरे राज्य में सनसनी मचा दी है. इस वायरल वीडियो में एक माफिया द्वारा एक व्यक्ति को जेसीबी से उल्टा लटकाकर डंडों से बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है.
इस क्रूर घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस वीडियो को अपने एक्स हैंडल पर साझा कर सरकार और प्रशासन से जवाब मांगा है.
अमानवीय। अस्वीकार्य
— Arvind Chotia (@arvindchotia) May 24, 2025
एकदम जंगलराज जैसा नजारा @BhajanlalBjp @PoliceRajasthan कड़ी से कड़ी कार्रवाई की उम्मीद है आपसे। pic.twitter.com/CCHcYpUqpt
अशोक गहलोत का प्रशासन पर सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, “राजस्थान में यह माफिया राज आखिर कब तक चलता रहेगा? जनता ये सवाल कर रही है कि पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत से चल रहा डरावना खेल कब तक रुकेगा?” गहलोत ने इस घटना को कानून-व्यवस्था की विफलता का प्रतीक बताया और तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
ब्यावर की घटना ने उजागर की सच्चाई
यह वीडियो राजस्थान के रायपुर, ब्यावर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. वीडियो में माफिया द्वारा एक व्यक्ति को जंजीरों से जेसीबी पर उल्टा लटकाकर यातनाएं देने का दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला है. माफिया शख्स को डंडों से पीटता है और उसकी चीखें सुनकर भी उसे पैर सीधे करने के लिए कहता है. कांग्रेस नेताओं का कहना है, “इस क्रूर घटना ने कानून व्यवस्था, पुलिस की निष्क्रियता और प्रदेश में भाजपा राज में अपराधियों को मिल रहे राजनीतिक संरक्षण पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं.'
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रायपुर के गुड़िया गांव में हुई. पिटाई करने वाले शख्स की पहचान हिस्ट्रीशीटर तेजपाल सिंह उदारत के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तेजपाल ने एक डंपर चालक को डीजल चोरी के शक में अपने फार्महाउस पर जेसीबी से उल्टा लटकाकर करीब दो घंटे तक बेरहमी से पीटा. इस दौरान चालक की चीखें गूंजती रहीं, लेकिन माफिया पर कोई असर नहीं हुआ.
पुलिस की चुप्पी
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, तेजपाल सिंह का इस क्षेत्र में लंबे समय से आतंक है. लोग उसके खिलाफ बोलने से डरते हैं. इस वीडियो के वायरल होने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होना कई सवाल खड़े करता है. ग्रामीणों का कहना है कि तेजपाल का खौफ इतना है कि कोई भी उसके खिलाफ खुलकर शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता।
सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा, “इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और राजनीतिक संरक्षण की परतें खोली जाएं। साथ ही घटना में लापरवाह स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच हो.”