US Israel Iran War

जालोर: दामाद ने की हैवानियत की हद पार, कैंची से काट दी सास की नाक और सोने के गहने लेकर हुआ फरार

जालोर जिले के सरवाना क्षेत्र में एक दामाद ने अपनी सास की कैंची से नाक काट दी और उनके सोने के गहने लेकर फरार हो गया. घायल महिला को मेहसाणा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Grok AI
Km Jaya

जालोर: राजस्थान के जालोर जिले के सरवाना थाना इलाके में एक सनसनीखेज घटना हुई है. जहां दामाद ने अपनी ही सास की नाक कैंची काट दी. इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई. गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए गुजरात के मेहसाणा में भर्ती कराया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार के.आर. बांधकुआ निवासी बाबूलाल ने इस संबंध में सरवाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि उनकी बेटी सरिता की शादी करीब चार साल पहले अरवा के रहने वाले सोहनलाल विश्नोई से हुई थी. सरिता अभी जोधपुर में पढ़ाई कर रही है.

परिजनों ने क्या बताया?

परिवार के मुताबिक सरिता का फोन पिछले तीन दिनों से बंद था. बाबूलाल और उनकी पत्नी केली देवी इस बात से परेशान थे. वे शिकायत दर्ज कराने सरवाना पुलिस स्टेशन जा रहे थे.

दमाद ने कैसे किया हमला?

मिली जानकारी के मुताबिक जब बाबूलाल और उनकी पत्नी सरवाना इलाके में बालेरा माइनर पर पहुंचे, तो एक कार ने उनकी गाड़ी रोकी. कार में सोहनलाल विश्नोई और दूसरे लोग थे. आरोप है कि उन्होंने केली देवी को जबरदस्ती कार से बाहर निकाला और उनके साथ मारपीट करने लगे.

इस दौरान सोहनलाल ने अपनी सास केली देवी की नाक कैंची से काट दी. फिर उसने उनके पहने हुए सोने के गहने उतार लिए और अपने साथियों के साथ मौके से भाग गया. मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

घायल केली देवी को तुरंत इलाज के लिए गुजरात के मेहसाणा ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सरवाना पुलिस स्टेशन ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

पुलिस ने दामाद सोहनलाल विश्नोई समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. शुरुआती जानकारी से पता चला है कि सरिता काफी समय से अपने ससुराल नहीं जा रही थी. हाल ही में उसके ससुराल वालों को जानकारी मिली कि उसने दूसरी शादी कर ली है.

बताया जा रहा है कि इसी बात पर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ. इसी झगड़े की वजह से दामाद ने यह दिल दहला देने वाला जुर्म किया. पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है.