जोधपुर AIIMS के रेजिडेंट डॉक्टर ने किया सुसाइड, इंजेक्शन लगाकर दी जान
जोधपुर AIIMS के 31 वर्षीय रेजिडेंट डॉक्टर राज नरेश यादव ने कथित तौर पर इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली.
जोधपुर AIIMS में एनेस्थीसिया विभाग के प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर राज नरेश यादव की मौत से अस्पताल में हड़कंप मच गया. मंगलवार को OT ड्यूटी के दौरान वह अचानक बाहर चले गए. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर साथियों ने तलाश शुरू की. बाद में वह ब्रेक रूम के बाथरूम में मिले.
OT ड्यूटी के दौरान अचानक बाहर निकले डॉक्टर
अलवर निवासी 31 वर्षीय डॉ. राज नरेश यादव मंगलवार को जोधपुर AIIMS में OT ड्यूटी पर थे. दोपहर में वह ड्यूटी के बीच OT से बाहर निकल गए. करीब डेढ़ से दो घंटे तक वापस नहीं आने पर साथी रेजिडेंट डॉक्टरों को चिंता हुई. उन्होंने राज नरेश को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद साथियों ने OT कॉम्पलेक्स के ब्रेक रूम में उनकी तलाश की. बाथरूम अंदर से बंद था. काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी आवाज नहीं आई तो उसे तोड़ा गया.
इलाज की कोशिश बेअसर
दरवाजा खुलने पर डॉक्टर राज नरेश अंदर अचेत हालत में मिले. साथी डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला और CPR दिया. इमरजेंसी इलाज देकर बचाने की कोशिश की गई लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी. AIIMS की ओर से पुलिस को सूचना दी गई. बासनी थाने की टीम मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया. परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई. पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या की आशंका है. इंजेक्शन कौन सा था, यह अभी साफ नहीं है.
Also Read
MBBS के बाद 4-5 साल के गैप से शुरू की थी PG
डॉ. राज नरेश यादव ने जोधपुर AIIMS से ही MBBS की पढ़ाई की थी. इसके बाद वह दिल्ली चले गए थे और करीब 4-5 साल के अंतराल के बाद PG की परीक्षा दी थी. पिछले साल उन्हें जोधपुर AIIMS के एनेस्थीसिया विभाग में सीट मिली थी. वह रेजिडेंसी के पहले साल में थे. उनके कमरे से कई सिगरेट भी मिली हैं. अब तक किसी दबाव या परेशानी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस जांच के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की पूरी वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है.