पति ने की पत्नी की हत्या को हादसा बताने की साजिश, 4 महीने बाद जानें कैसे हुआ खौफनाक मर्डर केस का खुलासा
राजस्थान के झालावाड़ में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसे हादसा बताने की कोशिश की. फोरेंसिक जांच और सबूतों के आधार पर सच सामने आया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
झालावाड़: राजस्थान के झालावाड़ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसे हादसा बताने की कोशिश की. यह घटना नवंबर 2025 की है, जब 27 वर्षीय महिला रेनू उर्फ निमंता की मौत उसके ससुराल में हुई थी. उस समय ससुराल पक्ष ने दावा किया था कि महिला की मौत सीढ़ियों से गिरने के कारण हुई है.
हालांकि शुरुआती जांच में ही पुलिस को इस कहानी पर संदेह हुआ. मृतका के शरीर पर कई चोटों के निशान थे और घटनास्थल की स्थिति भी सामान्य नहीं लग रही थी. इसके बाद पुलिस ने 9 नवंबर को हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
जांच के दौरान क्या पता चला?
जांच के दौरान फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का पुनर्निर्माण किया. इसमें साफ हुआ कि महिला की मौत गिरने से नहीं हो सकती थी. कमरे में संघर्ष के संकेत मिले, खून के निशान और टूटी हुई चीजें भी पाई गईं. पोस्टमॉर्टम करने वाली मेडिकल बोर्ड ने मृतका के शरीर पर 19 चोटों की पुष्टि की और निष्कर्ष निकाला कि मौत इन चोटों के कारण हुई है.
पुलिस ने मामले में तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की. जांच के दौरान एक होटल के सीसीटीवी फुटेज सामने आए, जहां आरोपी अपने भतीजे के साथ घटना की रात ठहरा था. इसके अलावा एक निजी अस्पताल के फुटेज भी मिले, जहां महिला को ले जाया गया था. अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया था.
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना के बाद मौके से फरार होने की कोशिश की थी. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी देवकृपाल मीणा उर्फ डेविड का विवाहेतर संबंध था, जिसका उसकी पत्नी विरोध करती थी. इसी कारण दोनों के बीच विवाद रहता था और इसे ही हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है.
पुलिस ने आरोपी को कोटा से गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर हमला करने और गाड़ी से कुचलने की कोशिश भी की. इसके चलते उस पर हत्या के अलावा सरकारी काम में बाधा और हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज किया गया है.
फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश किया गया है, जहां से उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रही है और आगे की जांच जारी है.