जयपुर स्कूल हादसा: मरने से पहले क्लास में रोई थी 9 साल की अमायरा, क्लास टीचर से मांगी थी मदद, नए CCTV फुटेज में खुलासा
जयपुर के स्कूल में चौथी मंजिल से कूदकर जान देने वाली अमायरा का नया CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें वह मरने से ठीक पहले क्लास में बुली होने के बाद टीचर से रो-रोकर मदद मांगती दिख रही है.
जयपुर के नामी नीरजा मोदी स्कूल की चौथी मंजिल से गिरकर हुई 9 साल की मासूम अमायरा की मौत के मामले में एक नया और झकझोर देने वाला मोड़ आया है. नवंबर 2025 में हुई इस दर्दनाक घटना का एक नया क्लासरूम CCTV फुटेज सामने आया है, जिसे अमायरा के माता-पिता ने जारी किया है. इस वीडियो के आधार पर परिवार ने आरोप लगाया है कि चौथी क्लास की इस छात्रा को क्लास के बच्चों द्वारा लगातार प्रताड़ित (बुली) किया जा रहा था, जिसकी शिकायत करने पर भी स्कूल और टीचर ने उसकी मदद नहीं की.
क्या दिख रहा है नए वीडियो में?
सामने आई फुटेज में अमायरा पहले सामान्य रूप से क्लास में आती है और दोस्तों के साथ डांस करती है. लेकिन तभी कुछ बच्चे क्लास में एक डिजिटल स्लेट लेकर आते हैं और अमाइरा को कुछ दिखाने लगते हैं. इसके बाद अमायरा के चेहरे के हाव-भाव बदल जाते हैं और वह परेशान दिखने लगती है. वह अपनी क्लास टीचर पुनीता शर्मा के पास कई बार जाकर हाथ जोड़कर अपनी बात समझाने की कोशिश करती है, लेकिन टीचर उसकी बात सुनने के बजाय उसे डराती-धमकाती दिखती हैं. इसी घबराहट और मानसिक तनाव में अमायरा सिर पकड़कर रोने लगती है और अचानक क्लास से बाहर दौड़ जाती है.
Also Read
स्कूल की प्रिंसिपल को बचाने का किया जा रहा प्रयास
अमायरा के माता-पिता का कहना है कि जब उनकी बेटी क्लास से भागकर ग्राउंड फ्लोर से चौथी मंजिल पर चली गई, तो किसी भी स्टाफ ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की. अमायरा की मां शिवानी ने आरोप लगाया कि स्कूल की प्रिंसिपल इंदु दुबे को बचाने का प्रयास किया जा रहा है और पुलिस केस के जांच अधिकारियों (IO) को बार-बार बदल रही है. पुलिस ने चार्जशीट में स्कूल मालिक सौरभ मोदी, प्रिंसिपल इंदु दुबे और टीचर पुनीता शर्मा का नाम शामिल किया है, लेकिन परिवार जेजे एक्ट (Juvenile Justice Act) की कड़ी धाराएं लगाने की मांग कर रहा है.