जयपुर: जयपुर के झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र प्रिंस सोनी की मौत का मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि बुधवार को लंच के दौरान स्कूल की कैंटीन से पेटीज खाने के बाद प्रिंस की तबीयत बिगड़ी और उसे समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिला. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, प्रिंस ने लंच टाइम में स्कूल कैंटीन से पेटीज खरीदी थी. इसके कुछ देर बाद कथित तौर पर पेटीज उसके गले में अटक गई. वह पानी पीने के लिए गया और फिर बेहोश होकर गिर गया. क्लासमेट के मुताबिक, बेहोश होने के बाद उसके मुंह से झाग निकल रहा था और होंठ नीले पड़ गए थे.
प्रिंस के एक क्लासमेट ने बताया कि लंच से पहले वह बिल्कुल सामान्य था. वह दोस्तों के साथ बातचीत और हंसी मजाक कर रहा था. पेटीज खाने के बाद अचानक उसकी हालत बिगड़ गई. छात्र के अनुसार, स्कूल स्टाफ ने प्रिंस को लिटा दिया, लेकिन अस्पताल ले जाने के बजाय उसके परिजनों को बुलाने की बात कही. क्लासमेट का दावा है कि स्कूल के पास ही अस्पताल मौजूद था.
प्रिंस के चाचा ने भी स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि स्कूल स्टाफ लगातार फोन कर परिजनों को जल्दी आने के लिए कहता रहा. परिजन स्कूल पहुंचे और इसके बाद प्रिंस को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मणिपाल अस्पताल रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने के बाद झोटवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया. गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस का कहना है कि परिजनों ने स्कूल में लापरवाही की आशंका जताई है. मामले की जांच की जा रही है और स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जाएगी.
घटना के बाद गुरुवार को प्रिंस के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. फिलहाल छात्र की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.