T20 World Cup 2026

होली पर एक ही परिवार के तीन मासूमों का मिला शव, लापता मां की तलाश में जुटी पुलिस

राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वजीरपुर उपखंड के मीणा बड़ौदा गांव में होली के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की...

ShutterStock (Symbolic Image)
Ashutosh Rai

Rajasthan News: होली के दिन लोग खुशियां मनाने में व्यस्त रहते हैं. एक-दूसरे पर रंग फेंक, लोग अपने त्यौहार की शुरूआत करते है. इस पर्व पर खुशियों के बीच राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के मीणा बड़ौदा गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई. एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों के शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई. इस खबर को सुनते ही होली की खुशियां मातमा में बदल गई.

ऐसे चला घटना का पता

जानकारी के अनुसार मृतकों में 7 वर्षीय बालिका, 4 वर्षीय बालक और करीब डेढ़ साल का मासूम बेटा शामिल है. तीनों बच्चे एक ही परिवार के थे. घटना के समय उनकी मां संगीता घर पर मौजूद नहीं थी और वह फिलहाल लापता बताई जा रही है. ग्रामीणों को जब घर में कोई हलचल नजर नहीं आई तो उन्हें शक हुआ. अंदर जाकर देखने पर तीनों बच्चे अचेत अवस्था में मिले. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.

पुलिस का बयान

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है, लेकिन मां के लापता होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के गांवों और संभावित ठिकानों पर पूछताछ की जा रही है. जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

मां ने वायरल किया था वीडियो

जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम को भी संगीता ने अपना एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था. इसमें उसने कुछ लोगों के नाम लिए थे और उन पर मारपीट करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था.चौंकाने वाली सबसे बड़ी बात यह है कि अस्पताल में तीनों मासूम बच्चों के शव  रखे हैं, लेकिन ना तो बच्चों का पिता और ना ही ससुराल पक्ष का कोई भी व्यक्ति अस्पताल में मौजूद है. संगीता के परिजनों का कहना था कि संगीता की शादी लगभग 7 साल पहले हुई थी. अब इस कहानी में पुलिस को कई एंगल से जांच करनी पड़ेगी.