राजस्थान के बालोतरा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जोधपुर से सांचौर जा रही एक स्लीपर बस नेशनल हाईवे-25 पर कल्याणपुर के पास खड़े ट्रेलर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी. अचानक सामने ट्रेलर आने से ड्राइवर बस को संभाल नहीं पाया और सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद बस का ड्राइवर साइड पूरी तरह टूट गया. अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. कुछ शव बस में फंसे रह गए थे, जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
दुर्घटना के तुरंत बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया.
हादसे में कुल नौ लोग घायल हुए हैं. इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जोधपुर के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है. बाकी पांच घायलों का इलाज कल्याणपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है. डॉक्टरों के अनुसार कुछ मरीजों को गहरी चोटें आई हैं.
मृतकों में तीन पुरुष, एक महिला और दो मासूम बच्चे शामिल हैं. पांच लोगों की पहचान हो चुकी है, जिनमें नरपत, नगाराम, अनुशा, शिवराज और युवराज शामिल हैं. दोनों बच्चे सगे भाई थे. एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.