T20 World Cup 2026

'हिंदू चार बच्चे पैदा करें, शादी के बाद मैं भी...', पुष्कर में बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदुओ से की अपील

बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदुओं को कम से कम चार बच्चे पैदा करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि शादी के बाद वे भी आबादी बढ़ाने में योगदान देंगे. मुसलमानों की घर वापसी और अजमेर दरगाह न जाने की अपील भी की.

wikipedia
Kuldeep Sharma

अजमेर: पुष्कर में हनुमान कथा के लिए पहुंचे बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक बार फिर जनसंख्या पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने हिंदुओं की घटती संख्या को गंभीर समस्या बताया और कम से कम चार बच्चे पैदा करने की अपील की. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के तीन बच्चे वाले बयान के बाद यह दूसरा बड़ा बयान है. धीरेंद्र शास्त्री ने मुसलमानों की घर वापसी पर भी बात की और हिंदुओं को अजमेर शरीफ दरगाह जाने से मना किया. उनका कहना है कि सनातन धर्म में ही रहना चाहिए. 

हिंदुओं को चार बच्चे पैदा करने की सलाह

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हिंदुओं की संख्या घट रही है और मजहबी आबादी बढ़ रही है, जो देश के लिए खतरा है. उन्होंने हिंदू परिवारों से अपील की कि कम से कम चार बच्चे जरूर पैदा करें. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी अभी शादी नहीं हुई है, इसलिए लोग उनसे योगदान पूछते हैं, लेकिन शादी के बाद वे भी हिंदुओं की आबादी बढ़ाने में हिस्सा लेंगे.

मुसलमानों की घर वापसी पर विचार

भारतीय मुसलमानों की घर वापसी पर बोलते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि फिल्म में तीनों का बाप कन्हैयालाल निकला था. अगर मुसलमान यह समझ लें कि उनके पूर्वज हिंदू थे, तो घर वापसी आसान हो जाएगी. उनका मानना है कि यह एक वैश्विक मुद्दा है और भारत में इसे गंभीरता से लेना चाहिए.

अजमेर दरगाह जाने से मना किया

धीरेंद्र शास्त्री ने अजमेर शरीफ दरगाह जाने वाले हिंदुओं से अपील की कि वे सनातन धर्म का पालन करें. गीता के हवाले से कहा कि भगवान कृष्ण ने अपने धर्म में चलने की सलाह दी है. दूसरे धर्म की सेवा उन्हें करने दें. हिंदुओं में देवताओं की कमी नहीं है, इसलिए अपनी श्रद्धा से भक्ति करें. उन्होंने कहा कि हर किसी के अपने विचार हैं, लेकिन सनातनी को सनातन में ही रहना चाहिए.

पुष्कर दौरे का मकसद

धीरेंद्र शास्त्री तीन दिवसीय पुष्कर दौरे पर हैं, जहां वे हनुमान कथा सुना रहे हैं. इस दौरान उन्होंने जनसंख्या, धर्म और समाज से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर बात की. उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे हिंदू समाज को जागृत करने का प्रयास बता रहे हैं. धीरेंद्र शास्त्री का यह दौरा धार्मिक और सामाजिक संदेश देने का माध्यम बना हुआ है.