menu-icon
India Daily

गर्लफ्रेंड को फोन कर परेशान करता था सेल्समैन, भड़के प्रेमी ने अलवर में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर मारी गोली

अलवर के नायरा पेट्रोल पंप पर सेल्समैन सचिन को गोली मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी जगत गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है. चलिए जानते हैं जांच में क्या आया सामने.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
गर्लफ्रेंड को फोन कर परेशान करता था सेल्समैन, भड़के प्रेमी ने अलवर में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर मारी गोली
Courtesy: Pinterest (Representative image)

अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में पेट्रोल पंप पर सेल्समैन को गोली मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और फोन पर कथित तौर पर परेशान किए जाने का विवाद मुख्य वजह था.

अलवर के सदर थाना क्षेत्र स्थित बुर्जा के पास नायरा पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कठूमर निवासी जगत गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था.

पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि घायल सेल्समैन सचिन एक युवती को लगातार फोन करता था. पुलिस के अनुसार युवती आरोपी की प्रेमिका है. युवती ने इस बारे में आरोपी को जानकारी दी, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर सचिन पर हमला करने की योजना बनाई.

जांच में क्या आया सामने?

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए कठूमर क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी करके अलवर पहुंचा था. पुलिस को बाइक चोरी से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं. इस मामले में संबंधित थाने में अलग से मुकदमा दर्ज किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पहले पेट्रोल पंप पहुंचकर वहां मौजूद सेल्समैन की फोटो अपनी प्रेमिका को भेजी और पहचान की पुष्टि होने के बाद सचिन को फोन किया. इसके बाद उसने उस पर गोली चला दी.

कहां लगी गोली?

फायरिंग में गोली सचिन के कंधे में लगी. गंभीर रूप से घायल होने पर उसे पहले अलवर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल हथियार और कारतूस भी बरामद कर लिए हैं. पुलिस के अनुसार बरामद कारतूसों में से एक का इस्तेमाल फायरिंग के दौरान किया गया था. आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के दौरान पुलिस टीम के साथ हाथापाई भी हुई, जिसमें आरोपी को मामूली चोटें आईं. उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है. पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले किसी अन्य अपराध में शामिल रहा है या नहीं.

दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई थी. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.