स्वर्ण मंदिर में बेअदबी की कोशिश, युवक ने उठाई पावन स्थल के सामने रखी तलवार; सेवादारों ने दबोचा
अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब परिसर स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह में एक युवक ने कथित बेअदबी की कोशिश की. सेवादारों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत काबू कर लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
अमृतसर: अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब परिसर से जुड़ी एक संवेदनशील घटना सामने आई है. गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह में एक युवक की ओर से कथित बेअदबी की कोशिश किए जाने के बाद धार्मिक और सामाजिक हलकों में चिंता व्यक्त की जा रही है. घटना के समय मौजूद सेवादारों की सतर्कता के कारण स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया. आरोपी युवक को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. अब प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटे हैं.
जानकारी के अनुसार लगभग 35 वर्षीय युवक गुरुद्वारा परिसर में पहुंचा और परिक्रमा करने के बाद उस स्थान तक गया जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का अखंड पाठ चल रहा था. इसी दौरान उसने पावन स्वरूप के सामने रखी तलवार उठा ली. वहां मौजूद सेवादारों ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और युवक को काबू कर लिया. उनकी तत्परता से कोई बड़ी घटना नहीं होने पाई.
पुलिस के हवाले किया गया आरोपी
घटना के तुरंत बाद गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि युवक की पहचान और उसके अमृतसर आने के उद्देश्य की जांच की जा रही है. साथ ही उसके पिछले रिकॉर्ड और गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है.
Also Read
एसजीपीसी ने की सख्त कार्रवाई की मांग
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग भी की.
पूछताछ में नहीं दी स्पष्ट जानकारी
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान युवक ने अपने बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी. उसने दावा किया कि वह अकेले अपनी इच्छा से अमृतसर आया था और इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका नहीं है. हालांकि पुलिस उसके बयान की पुष्टि के लिए अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
सीसीटीवी फुटेज और जांच पर फोकस
धामी ने बताया कि अब तक उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में युवक के साथ किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी के संकेत नहीं मिले हैं. इसके बावजूद जांच एजेंसियां हर पहलू पर नजर रखे हुए हैं. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे की वास्तविक मंशा क्या थी और कहीं इसके पीछे कोई अन्य कड़ी तो नहीं है.