प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका को नहर में फेंका,150 KM दूर मिला शव; 12 दिन बाद आरोपी गिरफ्तार
पटियाला में 23 वर्षीय रणदीप कौर के लापता होने के मामले में उसके कथित प्रेमी अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है. परिवार का आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी उसे नहर में फेंककर चला गया.
पटियाला के पातड़ां थाना क्षेत्र में शादीशुदा प्रेमिका की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी अजय कुमार को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि सात सितंबर को विवाद के बाद अजय कुमार 23 वर्षीय रणदीप कौर को अपने साथ ले गया और शुतराणा के पास भाखड़ा नहर में फेंक दिया. पानी में बहकर युवती का शव करीब 150 किलोमीटर दूर हरियाणा के फतेहाबाद पहुंच गया.
वहां शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया. करीब 12 दिन बाद रणदीप के परिवार को घटना की जानकारी मिली और फोटो व कपड़ों के आधार पर उन्होंने शव की पहचान की. परिवार को रणदीप की अस्थियां तक नहीं मिल सकीं.
दादी ने लगाया हत्या का आरोप
रणदीप की दादी मनजीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि सात सितंबर की सुबह अजय कुमार उनकी पोती को उनकी इच्छा के खिलाफ अपने साथ ले गया था. इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद हो गए. परिवार ने अजय के घर जाकर रणदीप के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
Also Read
- बमियाल में खेत से मिला रॉकेट लॉन्चर जैसा बम किया गया डिफ्यूज: सेना का 5 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
- फाजिल्का से ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का आगाज, अर्जुन राम मेघवाल बोले- ‘ये राजनीति नहीं, समाज सुधार की मुहिम’
- पंजाब में नशा तस्करों पर बड़ा वार! 17 किलो हेरोइन के साथ 3 गिरफ्तार, 4 दिन में 54 किलो की बरामदगी
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अजय रणदीप को नहर किनारे ले गया. वहां कथित तौर पर उसका गला दबाने के बाद उसे नहर में फेंक दिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की और अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
2023 से अजय के साथ रह रही थी रणदीप
परिवार के अनुसार, रणदीप कौर की शादी मनीष कुमार से हुई थी और दोनों का तलाक नहीं हुआ था. इसके बावजूद वर्ष 2023 से वह अजय कुमार के साथ रह रही थी. अजय कुल्चे बेचने का काम करता था. दोनों की दो बेटियां भी हैं, जिनकी उम्र करीब ढाई साल और आठ महीने बताई गई है.
परिवार का आरोप है कि कुछ समय पहले अजय ने रणदीप के साथ मारपीट की थी. इसके बाद उसकी दादी उसे अपने घर ले आई थीं. आरोप है कि सात सितंबर को अजय उसे वहां से अपने साथ ले गया.
फतेहाबाद में मिला था अज्ञात युवती का शव
रणदीप की तलाश करते हुए परिवार 19 सितंबर को हरियाणा के फतेहाबाद जिले के सदर टोहाना थाने पहुंचा. पुलिस ने बताया कि आठ सितंबर की सुबह गांव ललौदा के पास भाखड़ा नहर से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था. पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया था.
पुलिस द्वारा दिखाई गई तस्वीर और कपड़ों के आधार पर रणदीप की दादी ने शव की पहचान अपनी पोती के रूप में की. पुलिस ने अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है. हत्या के आरोपों से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद होगी.