पंजाब में बदलेगा मौसम का मिजाज, आज से बारिश का दौर शुरू! कई जिलों में अलर्ट

पंजाब में भीषण गर्मी के बीच मौसम जल्द राहत देने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई से प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी, जिससे कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है.

ANI
Shanu Sharma

पंजाब में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य में 1 जुलाई से प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय होने जा रही हैं. इसके प्रभाव से आने वाले तीन दिनों में कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. 

मौसम विभाग का कहना है कि प्री-मानसून की सक्रियता के कारण अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज होगी, जिससे उमस के बावजूद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.

तापमान में मामूली गिरावट, लेकिन गर्मी बरकरार

राज्य के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को तापमान में हल्की कमी दर्ज की गई, हालांकि गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है. प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान बठिंडा में 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. विभाग के अनुसार राज्य का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 0.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा, लेकिन यह अब भी सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है.


मौसम विभाग ने 1 जुलाई के लिए अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, मोहाली, पटियाला, संगरूर और पठानकोट समेत पूर्वी और उत्तरी पंजाब के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.

इन क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं फाजिल्का, फिरोजपुर, मुक्तसर, मोगा, फरीदकोट, बठिंडा, मानसा और बरनाला जिलों में फिलहाल किसी विशेष चेतावनी की आवश्यकता नहीं बताई गई है.

2 और 3 जुलाई को भी रहेगा बारिश का असर

2 जुलाई को भी उत्तर, मध्य और पूर्वी पंजाब के अधिकांश जिलों में मौसम सक्रिय बना रहेगा. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा भी हो सकती है. अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, मोहाली, पटियाला और संगरूर सहित कई जिलों में मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है.

दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम पंजाब के जिलों फाजिल्का, फिरोजपुर, मुक्तसर, मोगा, फरीदकोट, बठिंडा, मानसा और बरनाला में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है. 3 जुलाई को भी प्रदेश के मध्य, उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इस दौरान बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी.