तरन तारन में प्रेम विवाह करने वाले 20 वर्षीय युवक की उसके दो सालों ने कथित तौर पर हत्या कर दी. आरोप है कि सास ने फोन कर उसे बस स्टैंड बुलाया था, जहां पहले से घात लगाए दोनों सालों ने चाकुओं से हमला कर दिया. एक आरोपी गिरफ्तार है, जबकि दूसरा फरार बताया जा रहा है. पंजाब के सीमावर्ती जिले तरन तारन में प्रेम विवाह का खौफनाक अंत सामने आया है. करीब एक महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले 20 वर्षीय जगजीत सिंह की रविवार दोपहर तरन तारन बस स्टैंड पर कथित तौर पर उसके ही दो सालों ने हत्या कर दी. आरोप है कि युवक को उसकी सास ने मिलने के बहाने बस स्टैंड बुलाया था. जगजीत जब वहां पहुंचा तो दोनों आरोपी पहले से उसका इंतजार कर रहे थे.
पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है. हत्या की वजह शुरुआती तौर पर प्रेम विवाह को बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
मृतक के पिता तरसेम सिंह के मुताबिक, उनका बेटा जगजीत सिंह कदगिल का रहने वाला था. उसका गांव नौरंगाबाद की रहने वाली जशन कौर के साथ प्रेम संबंध था. दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई थी, लेकिन जशन कौर के परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया. इसके बाद दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली थी. शादी को अभी करीब एक महीना ही हुआ था. रविवार दोपहर जगजीत की सास किंदर कौर ने उसे फोन किया और तरन तारन बस स्टैंड आने के लिए कहा. बताया गया कि वह उससे मिलना चाहती है. जगजीत बाजार से कोल्ड ड्रिंक और स्नैक्स लेकर बस स्टैंड पहुंच गया.
पुलिस के मुताबिक, जगजीत के बस स्टैंड पहुंचते ही उसकी पत्नी के दोनों भाइयों ने उसे घेर लिया. आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है. आरोप है कि दोनों ने जगजीत पर चाकुओं से हमला शुरू कर दिया. अचानक हुए हमले में युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिरने के बाद भी उस पर हमला जारी रहा. बताया जा रहा है कि उसके सिर और गर्दन समेत शरीर पर कई वार किए गए. इस घटना के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना के दौरान ज्यादातर लोग मौके पर मौजूद रहे, लेकिन पंडोरीगोला निवासी राहगीर गुरिंदर सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों में से एक को पकड़ने की कोशिश की. गुरिंदर सिंह ने जसप्रीत सिंह को काबू कर लिया. आरोपी को पकड़ने के दौरान गुरिंदर सिंह भी घायल हो गए. उनकी मदद से एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया, जबकि दूसरा आरोपी हरप्रीत सिंह मौके से फरार हो गया. पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.