menu-icon
India Daily

हरियाणवी सिंगर अंकित बल्यान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, UP एनकाउंटर में दो संदिग्ध शूटर हुए ढेर

हरियाणवी सिंगर अंकित बल्यान हत्याकांड में पुलिस ने दो संदिग्ध शूटरों को एनकाउंटर में मार गिराया है. दोनों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है और पुलिस के अनुसार उनके तार गोगी गैंग से जुड़े थे.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
हरियाणवी सिंगर अंकित बल्यान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, UP एनकाउंटर में दो संदिग्ध शूटर हुए ढेर
Courtesy: @sirajnoorani X Account

शामली: हरियाणवी सिंगर और YouTuber अंकित बल्यान की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. शामली में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में हत्या के दो संदिग्ध शूटर मारे गए हैं. पुलिस के मुताबिक दोनों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी 24 वर्षीय सुमित और 22 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है. दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

अंकित बल्यान की 26 अगस्त को उत्तर प्रदेश के शामली में उनके जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस के अनुसार चार हमलावर दो बाइक पर सवार होकर आए थे. सोशल मीडिया पर सामने आए हमले के वीडियो में अंकित को जिम से निकलकर अपनी कार की ओर जाते देखा गया. इसी दौरान हमलावरों ने उन पर कई गोलियां चलाईं. 

रिपोर्ट में क्या आया सामने?

रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने कम से कम 16 राउंड फायरिंग की थी. हत्या के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था. पुलिस अब इस दावे और हत्या के पीछे की पूरी साजिश की जांच कर रही है.

दो संदिग्धों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक मारे गए दोनों संदिग्ध गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे थे. मोहित के खिलाफ हरियाणा में करीब 14 मामले दर्ज होने की बात सामने आई है, जबकि सुमित के खिलाफ एक मामला दर्ज था. हत्या में शामिल दो अन्य संदिग्ध अभी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.

अंकित की हत्या के बाद उनकी पत्नी ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार दिन का समय दिया था. उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर हत्यारे गिरफ्तार नहीं हुए तो वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह करेंगी. इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को अंकित के परिवार से मुलाकात की थी.

हत्या से कुछ घंटे पहले गाया था Murder वाला गाना

अंकित बल्यान की हत्या से कुछ घंटे पहले उन्होंने अपनी कार में बैठकर अपने नए गाने Baby Badmash की कुछ पंक्तियां गाते हुए Instagram पर वीडियो शेयर किया था. इस वीडियो में उनके गाने की एक लाइन Murder maar de sadak ke upar भी थी. यह वीडियो उनकी हत्या के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा में आया.