पंजाब में मानसून कमजोर पड़ गया है. रविवार को राज्य का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 0.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा, लेकिन यह सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी मानसून की गतिविधि धीमी रहने की संभावना है.
हालांकि, आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में हल्की बारिश से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है. 3 सितंबर तक प्रदेश के कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं.
फरीदकोट रविवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अमृतसर में 35.9, पटियाला और चंडीगढ़ में 35.8, लुधियाना में 35 और फिरोजपुर में 34.9 डिग्री तापमान रहा. गुरदासपुर और होशियारपुर में 34 डिग्री, जालंधर में 33.1, कपूरथला और मोगा में 34.6, मुक्तसर में 33.5, बठिंडा में 33.9 और संगरूर में 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रविवार को बारिश नहीं हुई. केवल पठानकोट में करीब एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
सोमवार को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और पटियाला में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके विपरीत तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, बरनाला, संगरूर, बठिंडा, मानसा, मुक्तसर और फाजिल्का में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.
1 सितंबर को होशियारपुर में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. पठानकोट में कुछ स्थानों पर और कई अन्य जिलों में छिटपुट बारिश के आसार हैं.
2 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. होशियारपुर और रूपनगर में अपेक्षाकृत अधिक स्थानों पर बारिश हो सकती है. दक्षिण-पश्चिमी पंजाब में भी बारिश की संभावना बनी रहेगी.
3 सितंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, लुधियाना, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला समेत कई जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है. वहीं मालवा के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.