अमृतसर में रेलवे ट्रैक के पोल पर लगा मिला संदिग्ध CCTV कैमरा, सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप

अमृतसर-मानावाला रेलवे सेक्शन में ओएचई पोल पर संदिग्ध सीसीटीवी कैमरा मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं.

Symbolic Image
Ashutosh Rai

पंजाब के अमृतसर-मानावाला रेलवे सेक्शन में रेलवे ट्रैक के पास लगे एक ओएचई पोल पर संदिग्ध सीसीटीवी कैमरा मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है. सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कैमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

गश्त के दौरान मिला संदिग्ध कैमरा

रेलवे सुरक्षा कर्मी नियमित निरीक्षण और गश्त के दौरान अमृतसर-मानावाला रेलखंड के किलोमीटर संख्या 508/23 के पास पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) पोल पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी. कैमरा वहां किसने लगाया और कब लगाया गया, इसकी कोई जानकारी मौके पर नहीं मिल सकी. मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई. इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और सिविल पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे इलाके का निरीक्षण किया.

कब्जे में लिया गया कैमरा

सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध कैमरे को सावधानी से हटाकर अपने कब्जे में ले लिया है. अब इसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कैमरा रिकॉर्डिंग कर रहा था या केवल निगरानी के उद्देश्य से लगाया गया था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इसमें कोई मेमोरी कार्ड, सिम कार्ड या अन्य डिजिटल उपकरण लगे थे या नहीं. अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र की भी जांच शुरू कर दी है. रेलवे ट्रैक और उसके आसपास लगे अन्य उपकरणों की भी सुरक्षा के लिहाज से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके.


हर पहलू से जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां

पुलिस और रेलवे अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि कैमरा किस उद्देश्य से लगाया गया था. अधिकारियों ने बताया कि रेलवे सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाता है और इसी वजह से सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है. यदि जांच में किसी तरह की साजिश या सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की बात सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.