menu-icon
India Daily

जालंधर में देर रात पुलिस और वॉन्टेड बदमाश के बीच मुठभेड़, सरेंडर करने की जगह चलाई गोली तो पैर में ठोंकी बुलेट

जालंधर के जमशेर खास इलाके में पुलिस और फायरिंग मामले के एक आरोपित के बीच मुठभेड़ हुई.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
जालंधर में देर रात पुलिस और वॉन्टेड बदमाश के बीच मुठभेड़, सरेंडर करने की जगह चलाई गोली तो पैर में ठोंकी बुलेट
Courtesy: X

पंजाब के जालंधर में देर रात पुलिस और एक वांछित आरोपित के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस गढ़ा रोड फायरिंग मामले के आरोपित को पकड़ने पहुंची थी. आत्मसमर्पण करने की चेतावनी देने के बाद भी उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

सरेंडर की चेतावनी के बाद शुरू हुई फायरिंग

जालंधर पुलिस के अनुसार यह घटना देर रात करीब डेढ़ बजे जालंधर कैंट के जमशेर खास इलाके में हुई. पुलिस को सूचना मिली थी कि गढ़ा रोड फायरिंग मामले का वांछित आरोपित श्याम लाल वहां मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी. अधिकारियों ने आरोपित को बाहर आकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा लेकिन उसने पुलिस की बात मानने के बजाय अचानक फायरिंग शुरू कर दी. पुलिसकर्मी सतर्क थे, इसलिए किसी को नुकसान नहीं पहुंचा. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद मुठभेड़ कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई.

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान एक गोली आरोपित के पैर में लगी. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया और पुलिस ने तुरंत उसे पकड़ लिया. इसके बाद उसे मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर इलाज के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने बताया कि आरोपित के पास से एक हथियार भी बरामद किया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह गढ़ा रोड पर एक घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना में शामिल था और काफी समय से पुलिस की तलाश में था. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया.

फायरिंग मामले की जांच होगी तेज

पुलिस का कहना है कि आरोपित से पूछताछ के बाद इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग की घटना के पीछे कौन लोग शामिल थे और इसकी योजना कैसे बनाई गई थी. बरामद हथियार की भी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि उसका इस्तेमाल किन घटनाओं में हुआ है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और यदि अन्य आरोपितों के नाम सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.