सुखबीर बादल पर हमला करने वाले निहंग की पहचान हुई उजागर, जानें कौन है हमलावर?

नांदेड के हजूर साहिब गुरुद्वारे में सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से हमला करने वाले निहंग की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है. पुलिस आरोपी से हमले की वजह जानने में जुटी है.

social media
Kuldeep Sharma

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड में हमला हुआ. घटना के बाद पुलिस ने एक निहंग को गिरफ्तार किया. आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के तौर पर हुई है. हमले के तुरंत बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसकी पगड़ी दोबारा बांधी जा रही है.

कौन है जसपाल सिंह?

पुलिस के मुताबिक, हमले के आरोपी का नाम जसपाल सिंह है और उसकी उम्र करीब 60 वर्ष से अधिक बताई जा रही है. वह पिछले करीब दो वर्षों से नांदेड में रह रहा था और गुरुद्वारे में सेवादार के तौर पर काम करता था. पुलिस अब उसके संपर्कों, गतिविधियों और पिछले रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है. पूछताछ में आरोपी ने खुद को कानून का स्नातक बताया और कहा कि उसने पुणे से लॉ की पढ़ाई की है. हालांकि, उसके इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी जांच का हिस्सा है. पुलिस का मुख्य सवाल फिलहाल यही है कि आखिर उसने बादल को निशाना क्यों बनाया.

हमले के बाद सामने आया वीडियो

घटना के बाद सामने आए वीडियो में आरोपी जसपाल सिंह को सुरक्षा कर्मियों और अन्य लोगों द्वारा काबू किए जाने के बाद देखा जा सकता है. हाथापाई के दौरान उसकी पगड़ी खुल गई थी, जिसके बाद एक व्यक्ति उसकी पगड़ी दोबारा बांधता दिखाई देता है. पुलिस के अनुसार, यह वीडियो हमले के तुरंत बाद का है. हमले में कृपाण का इस्तेमाल किया गया. सुरक्षा कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया. घटना के दौरान एक सुरक्षा कर्मी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. बादल को भी हाथ में चोट लगी और उन्हें चिकित्सा सहायता दी गई.


हमले की वजह अभी साफ नहीं

जसपाल सिंह से पूछताछ के दौरान पुलिस हमले के पीछे की वास्तविक वजह जानने की कोशिश कर रही है. आरोपी ने पूछताछ में बादल की राजनीतिक भूमिका को लेकर नाराजगी की बात कही है, लेकिन पुलिस अभी इसे अंतिम मकसद नहीं मान रही है. जांच अधिकारी उसके बयान की पुष्टि दूसरे सबूतों और उपलब्ध जानकारी से कर रहे हैं. नांदेड के पुलिस अधीक्षक रोहन नीलाभ ने बताया है कि आरोपी गिरफ्तार है और उससे पूछताछ जारी है. घटनास्थल और आसपास की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि हमले की योजना पहले से बनाई गई थी या घटना अचानक हुई.

फडणवीस ने दिए जांच के निर्देश

घटना की जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और जांच के निर्देश दिए. बादल की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है. पुलिस यह भी देख रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई या नहीं. यह घटना नांदेड स्थित तख्त श्री हजूर साहिब परिसर में हुई, जो सिख धर्म के प्रमुख धार्मिक केंद्रों में से एक है. जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस आरोपी की पृष्ठभूमि, उसके बयान, घटनास्थल के वीडियो और अन्य साक्ष्यों को जोड़कर हमले के पीछे की पूरी कहानी सामने लाने की कोशिश कर रही है.