बटाला में तेज रफ्तार थार ने मचाई तबाही, डिवाइडर और बिजली के खंभे तोड़ मजदूर को कुचला
पंजाब के बटाला के पास अमृतसर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई. वाहन ने डिवाइडर और दो बिजली के खंभे तोड़ने के बाद सड़क किनारे काम कर रहे एक मजदूर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई
पंजाब के बटाला के निकट अमृतसर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. तेज रफ्तार से आ रही थार गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई.
मिली जानकारी के मुताबिक वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह डिवाइडर को कई मीटर तक तोड़ते हुए आगे बढ़ती रही. इसके बाद थार ने दो बिजली के खंभों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और सड़क किनारे काम कर रहे एक मजदूर को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत
घटना के समय वहां मौजूद व्यक्ति ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मजदूर करीब पांच फुट तक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा. जिसकी वजह से उसे गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए. प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि थार की रफ्तार लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटा के आसपास थी. तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. गाड़ी करीब दस मीटर तक डिवाइडर को तोड़ती हुई आगे बढ़ी और फिर बिजली के दो खंभों को नुकसान पहुंचाने के बाद सड़क किनारे काम कर रहे मजदूर से जा टकराई. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन की रफ्तार कम होती तो इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था.
Also Read
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गई. एएसआई प्रगट सिंह ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. साथ ही हादसे के कारणों और सभी पहलुओं की विस्तार से जांच की जा रही है, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके.