menu-icon
India Daily

पंजाब की जेलों में बढ़ेगी सुरक्षा, तैनात किए गए स्पाई डॉग्स; 14 नई एम्बुलेंस भी रवाना

पंजाब सरकार ने जेल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षित स्पाई डॉग्स और 12 डॉग हैंडलर्स को विभिन्न जेलों में तैनात किया है. साथ ही 14 अत्याधुनिक एम्बुलेंस भी जेल विभाग को सौंपी गई हैं, जिससे सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पंजाब की जेलों में बढ़ेगी सुरक्षा, तैनात किए गए स्पाई डॉग्स; 14 नई एम्बुलेंस भी रवाना
Courtesy: AI

पंजाब सरकार ने राज्य की जेलों को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है. पटियाला स्थित जेल ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जेल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने प्रशिक्षित स्पाई डॉग्स की तैनाती की शुरुआत की, साथ ही 14 नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई गई.

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बताया कि जेल परिसरों में सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने और नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशिक्षित स्पाई डॉग्स को विभिन्न जेलों में भेजा जा रहा है. इनमें से कई कुत्तों ने मध्य प्रदेश के टेकनपुर स्थित नेशनल ट्रेनिंग सेंटर से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है.

डॉग हैंडलर्स की भी हुई तैनाती

मिली जानकारी के मुताबिक ये डॉग्स जेल परिसरों में छिपाकर रखे गए नशीले पदार्थों, प्रतिबंधित वस्तुओं और अन्य संदिग्ध सामग्रियों की पहचान करने में सक्षम हैं. उनकी तैनाती से जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी. सिर्फ प्रशिक्षित कुत्तों की तैनाती ही नहीं, बल्कि उनके संचालन और निगरानी के लिए 12 प्रशिक्षित डॉग हैंडलर्स को भी विभिन्न जेलों में भेजा गया है. ये हैंडलर्स डॉग्स के साथ मिलकर नियमित जांच और सुरक्षा अभियानों में भाग लेंगे, जिससे जेलों के भीतर होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी.

आधुनिक एम्बुलेंस से बेहतर होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

राज्य सरकार ने जेलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 14 नई एम्बुलेंस भी उपलब्ध कराई हैं. इन एम्बुलेंसों के माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर कैदियों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी. साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी अधिक तेज और सुविधाजनक होगी.

डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार जेल प्रशासन को आधुनिक तकनीकों और बेहतर संसाधनों से लैस करने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि नशा-विरोधी अभियान को सफल बनाने के लिए जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना बेहद आवश्यक है. इसी उद्देश्य के तहत तकनीकी और मानवीय संसाधनों दोनों को सशक्त बनाया जा रहा है. मंत्री ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित स्पाई डॉग्स और नई सुविधाओं के माध्यम से जेलों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक प्रभावी होगी तथा राज्य के नशा-विरोधी अभियान को भी मजबूती मिलेगी.