menu-icon
India Daily

तकनीकी खराबी से घंटों ठप रही बेंगलुरु मेट्रो सेवा व्यवस्था, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना

बेंगलुरु में तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार को मेट्रो सेवाएं प्रभावित हो गईं, जिससे शहर में भारी अव्यवस्था और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. बुधवार सुबह 5 बजे से सेवाएं बहाल कर दी गईं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
तकनीकी खराबी से घंटों ठप रही बेंगलुरु मेट्रो सेवा व्यवस्था, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना
Courtesy: Pinterest (Representative image)

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मंगलवार शाम मेट्रो सेवा बाधित होने से लाखों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. पीक ऑवर के दौरान तकनीकी खराबी के कारण पर्पल लाइन पर मेट्रो संचालन प्रभावित हो गया, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था चरमरा गई. हालांकि बुधवार सुबह 5 बजे से सेवाएं फिर से सामान्य कर दी गईं.

मेट्रो सेवा ठप होने के कारण कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में क्यूब्बन पार्क और एमजी रोड मेट्रो स्टेशन पर भारी भीड़ देखी गई. मेट्रो बंद होने के बाद लोगों को कैब, ऑटो और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा, जिससे शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई.

क्यों सोशल मीडिया पर भड़के लोग?

तकनीकी खराबी के कारण हजारों यात्री घंटों तक फंसे रहे. कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मेट्रो प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. यात्रियों का कहना था कि पीक ऑवर में सेवा बाधित होने से उन्हें घर पहुंचने में काफी देर हुई और भारी असुविधा का सामना करना पड़ा.

इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा. तेजस्वी सूर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि बेंगलुरु में विश्वस्तरीय तकनीकी प्रतिभा है, लेकिन शासन व्यवस्था तीसरी दुनिया जैसी है. उन्होंने कहा कि मेट्रो सेवाओं में लगातार आ रही दिक्कतें शहर की आम समस्या बन चुकी हैं.

तेजस्वी सूर्या ने क्या किया दावा?

तेजस्वी सूर्या ने दावा किया कि मेट्रो सेवा बंद होने के बाद कई लोगों को ट्रकों और अन्य वाहनों से घर लौटना पड़ा. उन्होंने कहा कि जब भी मेट्रो सेवा प्रभावित होती है, पूरा शहर अव्यवस्था की स्थिति में पहुंच जाता है. कैब उपलब्ध नहीं होतीं, ऑटो चालक यात्रियों को ले जाने से मना कर देते हैं और आम नागरिक परेशान होते हैं.

वहीं बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने स्पष्ट किया कि तकनीकी खराबी क्यूब्बन पार्क मेट्रो स्टेशन पर हुई थी. निगम ने बताया कि समस्या का समाधान कर लिया गया है और बुधवार सुबह से सभी सेवाएं नियमित समयानुसार संचालित हो रही हैं.

बीएमआरसीएल ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया. निगम ने कहा कि तकनीकी खराबी को सफलतापूर्वक ठीक कर दिया गया है और अब यात्री फिर से सुरक्षित, विश्वसनीय और सुचारु मेट्रो सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं.