संगरूर में दिल दहला देने वाली वारदात: इंस्टाग्राम पर हुए प्यार के चक्कर में मां ने तीन बच्चों को दिया जहर, गिरफ्तार
संगरूर में एक मां ने इंस्टाग्राम प्रेमी के साथ भागने के लिए तीन बच्चों को जहरीली मिठाई खिला दी. इलाज के दौरान तीनों बच्चों की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.
पंजाब के संगरूर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां पर अपने तीन मासूम बच्चों को जहर देकर मारने का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला लवप्रीत कौर की करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम पर फाजिल्का के एक युवक हरजीत सिंह से दोस्ती हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई.
रक्षाबंधन की मिठाई में मिलाया कीटनाशक
जांच में सामने आया कि महिला अपने प्रेमी के साथ भागने की योजना बना रही थी. 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन जब घर में मिठाई आई, तो लवप्रीत ने उसमें घर में रखा कीटनाशक मिला दिया और अपने तीनों बच्चों को खिला दिया. मिठाई खाते ही तीनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें पीजीआईएमईआर (PGIMER) चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया.
इलाज के दौरान तीनों मासूमों की मौत
इलाज के दौरान 29-30 अगस्त की रात 5 वर्षीय अरमानदीप सिंह की मौत हो गई. इसके बाद 2 सितंबर को 6 वर्षीय जसनूर कौर और 11 सितंबर को सबसे छोटे ढाई साल के रहनदीप सिंह ने भी दम तोड़ दिया. लैब रिपोर्ट और पोस्टमार्टम में बच्चों के शरीर में जहरीला पदार्थ होने की पुष्टि हुई.
Also Read
पुलिस जांच में खुली पोल, आरोपी मां गिरफ्तार
पुलिस ने जब परिवार के लोगों से अलग-अलग पूछताछ की और लैब रिपोर्ट आई, तो लवप्रीत की भूमिका पर संदेह गहरा गया. कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी लवप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी महिला और उसके फरार प्रेमी हरजीत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और फरार प्रेमी की तलाश में छापेमारी कर रही है.