'एक आतंकवादी देश मुझसे यह पूछ रहा है?', संयुक्त राष्ट्र में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पाकिस्तानी पत्रकार की बोलती बंद की
संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के पत्रकार द्वारा भारत पर आतंकवाद का आरोप लगाने पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने करारा जवाब देते हुए कहा- 'एक आतंकवादी देश मुझसे यह पूछ रहा है?'
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र के इतर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक पाकिस्तानी पत्रकार को करारा जवाब दिया. जब पत्रकार ने भारत पर पाकिस्तान में आतंकवाद भड़काने का आरोप लगाने की कोशिश की, तो जयशंकर ने तीखा प्रहार करते हुए कहा, 'एक आतंकवादी देश मुझसे यह सवाल पूछ रहा है?'
जहाजों और नाविकों की सुरक्षा पर जताई चिंता
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बेसलो न्यांती के साथ मौजूद जयशंकर ने मर्चेंट नेवी और समुद्री जहाजों पर हो रहे हमलों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने लाल सागर, होर्मुज जलडमरूमध्य और काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों पर हाल ही में हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष लोगों की जान जाने और इस तरह की हिंसा का कोई औचित्य नहीं हो सकता.
नाविकों के लिए वैश्विक सहयोग की अपील
विदेश मंत्री ने रेखांकित किया कि भारत दुनिया में नाविकों का एक बड़ा स्रोत देश है. इन हमलों के कारण भारतीय नागरिकों सहित कई नाविकों को मानसिक तनाव, जहाजों पर लंबे समय तक फंसे रहने और अपने परिवारों से दूर रहने जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि इन हमलों को तुरंत बंद होना चाहिए और नाविकों की सुरक्षा के लिए वैश्विक स्तर पर कड़े कदम उठाए जाने चाहिए.
'ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स' की बैठक का सह-नेतृत्व
जयशंकर ने लाइबेरिया की विदेश मंत्री के साथ मिलकर 'ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स ऑन सेफ्टी एंड सिक्योरिटी ऑफ शिपिंग एंड सीफारर्स' की उद्घाटन बैठक का सह-नेतृत्व किया. इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आह्वान किया कि वे एक साथ मिलकर समुद्री व्यापार को बाधित करने वाले हमलों को रोकने और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के लिए सहयोग करें.