Punjab Weather: पंजाब में मानसून फिर हुआ सक्रिय, इन जिलों के लोग रहें सतर्क; अलर्ट जारी
पंजाब में अगले दो दिनों तक कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
चंडीगढ़: पंजाब में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है. सोमवार और मंगलवार को राज्य के उत्तर और उत्तर पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके चलते मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. हालांकि बुधवार से पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है, जिससे बारिश कम होगी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है.
रविवार को पंजाब के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा. दिन के तापमान में सामान्य से हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई और अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई. केवल जालंधर में 0.5 मिलीमीटर और लुधियाना में 0.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं चंडीगढ़ और अमृतसर में केवल हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली.
कितना था तापमान?
रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान भटिंडा में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके बाद फाजिल्का में 36.4 डिग्री, रूपनगर में 36.2 डिग्री, पटियाला और कपूरथला में 35.4 डिग्री, अमृतसर में 35.1 डिग्री, लुधियाना और फिरोजपुर में 35 डिग्री, जालंधर और संगरूर में 34.9 डिग्री, बरनाला में 34.6 डिग्री तथा गुरदासपुर में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
Also Read
- 30 अगस्त से सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, मोहाली में दिखेगा शुभमन गिल-अर्शदीप सिंह समेत स्टार खिलाड़ियों का जलवा
- पंजाब BJP को बड़ा झटका: वरिष्ठ नेता सुखमिंदरपाल सिंह ग्रेवाल ने छोड़ी पार्टी, संगठन की कार्यशैली पर उठाए सवाल
- '2027 में पंजाब में बनेगी BJP सरकार', फरीदकोट से CM नायब सैनी का दावा; हरियाणा मॉडल लागू करने का किया वादा
मौसम विभाग ने क्या बताया?
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, फरीदकोट, भटिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला और पटियाला में किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मंगलवार को भी मानसून की गतिविधियां उत्तर और उत्तर पूर्वी पंजाब तक सीमित रहने की संभावना है. इस दिन पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब के साथ फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और भटिंडा जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में कहीं कहीं तेज बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा.
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार और गुरुवार को पूरे पंजाब में किसी भी जिले के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. इन दिनों व्यापक बारिश की संभावना नहीं है और बादलों के बीच उमस बढ़ सकती है. यदि मानसून फिर सुस्त पड़ता है तो लोगों को गर्मी और चिपचिपाहट का अधिक सामना करना पड़ सकता है.
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि जिन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है वहां खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें. वहीं किसानों को भी मौसम के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है.