पंजाब विजिलेंस मुख्यालय पर CBI रेड, रिश्वत केस में बड़ा खुलासा, DG के रीडर ओपी राणा पर जांच तेज
चंडीगढ़ में CBI ने पंजाब विजिलेंस मुख्यालय और पांच सितारा होटल में छापेमारी कर 13 लाख रुपये रिश्वत मामले का खुलासा किया. DG विजिलेंस के रीडर OP राणा समेत कई लोगों पर जांच तेज, दो आरोपी अंबाला से गिरफ्तार.
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो मुख्यालय पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की रेड के बाद हड़कंप मच गया है. सोमवार देर रात शुरू हुई कार्रवाई मंगलवार तक जारी रही. बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई एक बड़े रिश्वत कांड से जुड़ी है, जिसमें पंजाब विजिलेंस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम सामने आए हैं. मामले में पंजाब विजिलेंस के डीजी सत्यम चौहान ने कहा कि फिलहाल प्राइवेट लोगों की गिरफ्तार हुई है, विजिलेंस की ओर से जांच में सीबीआई की मदद की जाएगी. सीबीआई की टीम ने चंडीगढ़ के एक पांच सितारा होटल में जाल बिछाकर कार्रवाई की. यहां 13 लाख रुपये नकद और महंगा मोबाइल फोन लेते हुए एक आरोपों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. इसके बाद फरार हुए दो आरोपियों का पंजाब- हरियाणा सीमा पर अंबाला के पास से गिरफ्तार कर लिया गया.
शिकायत बंद कराने के बदले मांगे थे 20 लाख
सीबीआई के मुताबिक यह मामला पंजाब के एक स्टेट टैक्स अधिकारी की शिकायत पर दर्ज किया गया. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विकास उर्फ विक्की गोयल और उसका बेटा राघव गोयल, पंजाब विजिलेंस विभाग में लंबित शिकायत को बंद करवाने के बदले 20 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे. जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी कथित तौर पर विजिलेंस विभाग के अधिकारियों, खासकर डीजी विजिलेंस के रीडर ओपी राणा के लिए बिचौलिए का काम कर रहे थे.
20 लाख से घटकर 13 लाख में तय हुई डील
सीबीआई जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए. बातचीत के दौरान 20 लाख की डील 13 लाख रुपये में तय हुई. इसके साथ ही ओपी राणा के लिए महंगे फोन की भी मांग की गई थी. जांच एजेंसी के मुताबिक व्हाट्स चैट पर मोबाइल फोन का मॉडल और कलर सब कुछ बताया गया था. सोमवार देर रात अंकित बाधवा को शिकायत कर्ता से 13 लाख रुपये और मोबाइल फोन लेते गिरफ्तार कर लिया गया. कार्रवाई के दौरान राघव गोयल और और विकास गोयल फरार हो गए. बाद में दोनों को हरियाणा और पंजाब की सीमा पर अंबाला के पास से गिरफ्तार कर लिया गया.
राघव गोयल और विकास गोयल तीन दिन की रिमांड पर
सीबीआई ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार को कोर्ट में पेश किया. जांच एजेंसी ने कोर्ट करीब 12 पेज की व्हाट्सएप चैट पेश की. कोर्ट ने राघव गोयल और विकास गोयल को तीन दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है. सीबीआई की ओर से अंकित रंधावा की रिमांड की मांग नहीं की गई थी.