NEET-UG री-एग्जाम पर पंजाब में अलर्ट मोड! कड़ी सुरक्षा, सोशल मीडिया पर निगरानी
देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल NEET-UG री-एग्जाम को लेकर पंजाब में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं.
देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल NEET-UG री-एग्जाम को लेकर पंजाब में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं. सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सोशल मीडिया निगरानी और स्वास्थ्य सुविधाओं तक, हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
राज्य सरकार ने परीक्षा संचालन के लिए सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और केंद्र सरकार व राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें.
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पर विशेष जोर
परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए इस बार विशेष रणनीति अपनाई गई है. कस्टोडियन बैंक से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र और आंसर शीट कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचाई जाएंगी. प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान तैनात रहेंगे, जो सुरक्षा एस्कॉर्ट के साथ परीक्षा सामग्री को निर्धारित स्थान तक पहुंचाएंगे.
Also Read
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
परीक्षा से एक दिन पहले और परीक्षा के दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने या भ्रामक जानकारी साझा करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी. इसका उद्देश्य परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना है.
स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाएं रहेंगी तैयार
परीक्षा केंद्रों के बाहर मेडिकल टीमों को तैनात किया जाएगा. फर्स्ट-एड किट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की गई है. साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है.
बिजली और कानून व्यवस्था पर खास ध्यान
परीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं. इसके अलावा पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
छात्रों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन और सुरक्षा जांच से गुजरना होगा. हल्के कपड़े, साधारण चप्पल या सैंडल पहनने की अनुमति होगी, जबकि मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे.