menu-icon
India Daily

Punjab Weather: पंजाब में मानसून हुआ मेहरबान, अगले चार दिन झमाझम बारिश के आसार

पंजाब में मानसून के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. अगले चार दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, जबकि कुछ इलाकों में जलभराव की आशंका भी रहेगी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
Punjab Weather: पंजाब में मानसून हुआ मेहरबान, अगले चार दिन झमाझम बारिश के आसार
Courtesy: AI

अमृतसर: पंजाब में मानसून अब धीरे-धीरे रफ्तार पक़ड़ रहा है. जिसका असर अब पूरे प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है. बीते दिन के मुकाबले राज्य के कई इलाके में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और तेज गर्मी से राहत मिली है.

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी. इसके चलते तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा और मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है.

तापमान में आई गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में रविवार की तुलना में करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई. औसत तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. बठिंडा में सबसे ज्यादा 39.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ.

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

दिनभर कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली. पटियाला में 25.2 मिलीमीटर, मोहाली में 18 मिलीमीटर और चंडीगढ़ में 9.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. अमृतसर, लुधियाना, गुरदासपुर, जालंधर, होशियारपुर और रूपनगर सहित कई शहरों में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हुआ.

चार दिनों तक रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग ने 7 से 10 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना जताई है. हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों जैसे पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और नवांशहर में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है. वहीं अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम वर्षा के आसार बने हुए हैं.

कुछ इलाकों में रह सकता है शुष्क मौसम

फिरोजपुर, फाजिल्का और मुक्तसर जैसे कुछ पश्चिमी जिलों में 10 जुलाई को मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि राज्य के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और छिटपुट बारिश जारी रह सकती है. दक्षिणी जिलों में भी हल्की वर्षा के संकेत दिए गए हैं.

लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह

बारिश के कारण अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे ताजा मौसम अपडेट पर नजर रखें. जिन क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है, वहां जलभराव और फिसलन जैसी स्थितियों से बचने के लिए सतर्क रहने की जरूरत होगी.