पंजाब के कांग्रेस नेता खुशबाज सिंह जटाना की सड़क दुर्घटना में मौत, हरियाणा के सोनीपत में ट्रक ने मारी टक्क
पंजाब कांग्रेस के युवा नेता खुशबाज सिंह जटाना की गुरुवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई. यह घटना सोनीपत के कुंडली इलाके में घटी. जिसमें उनके साथ उनके ड्राइवर की भी मौत हो गई. वहीं गनमन घायल बताए जा रहे हैं.
पंजाब कांग्रेस नेता खुशबाज सिंह जटाना की गुरुवार शाम एक दुखद सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. मिल रही जानकारी के मुताबिक सोनीपत के कुंडली इलाके में उनकी खड़ी SUV में एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में खुशबाज सिंह के साथ उनके ड्राइवर परमिंदर सिंह की भी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जटाना दिल्ली से बठिंडा जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी SUV का एक टायर पंक्चर हो गया, जिसे ठीक करने के लिए गाड़ी सड़क किनारे रोकनी पड़ी. इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने दी घटना की जानकारी
सहायक पुलिस आयुक्त विपिन अहलावत ने बताया कि हादसा शाम के समय हुआ. खुशबाज सिंह जटाना, उनका ड्राइवर और गनमैन गाड़ी में सवार थे. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिया गया है. कुंडली थाना प्रभारी सेठी मलिक ने कहा कि जब वे टायर बदल रहे थे, तभी ट्रक ने टक्कर मारी. गनमैन का इलाज चल रहा है. हम ट्रक ड्राइवर की तलाश में लगे हैं.
कौन थें खुशबाज सिंह जटाना?
खुशबाज सिंह जटाना पंजाब कांग्रेस में सक्रिय युवा चेहरा माने जाते थे. उन्होंने 2017 से 2022 में तलवंडी साबो सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा. हालांकि वर्तमान में वे बठिंडा ग्रामीण जिले के भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला अध्यक्ष थे. इस हादसे की खबर ने कांग्रेस नेताओं को गहरा सदमा दिया है.
कांग्रेस सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अपने साथियों के साथ सोनीपत सिविल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि यह यकीन करना मुश्किल है कि खुशबाज अब हमारे बीच नहीं रहे. पानीपत के पास हुई इस दुखद दुर्घटना में हमने एक जोशीले और होनहार युवा नेता को खो दिया है. पूरी कांग्रेस पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है. वाहेगुरु उनकी आत्मा को शांति दें और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें.
और पढ़ें
- पाकिस्तान के पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती कार बम हमला, आम नागरिक बने निशाना; पांच लोगों की मौत
- मां सिख, पिता ईसाई, भाई मुस्लिम और पत्नी हिंदू... खुद किस धर्म को मानते हैं बॉलीवुड के ये मशहूर एक्टर?
- यूपी में कारोबारियों के लिए सख्त हुए नियम, श्रम कानूनों में बड़े बदलाव की तैयारी; अब हर कर्मचारी को मिलेगा अधिकार