पंजाब-चंडीगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, मानसून की विदाई शुरू; सुबह-शाम बढ़ेगी ठंडक
पंजाब और चंडीगढ़ में अब बारिश का दौर कमजोर पड़ने लगा है और मौसम के शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं.
पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही हैं. आज से दोनों जगहों पर मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. इसके साथ ही मानसून की वापसी की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है.
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के मुताबिक अगले 3 से 4 दिनों के दौरान राजस्थान के साथ पंजाब, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए मौसमी परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. पिछले 24 घंटे के दौरान पंजाब और चंडीगढ़ में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई.
पश्चिमी हवाओं से बदलेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ रहने के साथ अब पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है. हवा में नमी कम होने के कारण सुबह और शाम के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी. रात के समय आसमान साफ रहने पर जमीन की गर्मी तेजी से बाहर निकलती है. इसका असर अगले दिन सुबह के तापमान पर दिखाई देता है और मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस होता है. हालांकि, सूरज निकलने के बाद धूप तेज होने से दोपहर के समय तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी.
Also Read
24 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
इस सप्ताह पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन कुल मिलाकर बारिश सामान्य से कम रहने का अनुमान है. बारिश की गतिविधियां सीमित रहने के आसार हैं. अगर तापमान की बात करें तो पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, एसएएस नगर और पटियाला में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
उत्तरी और मध्य पंजाब के अन्य हिस्सों में तापमान 34 से 36 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. हालांकि रात के समय में पठानकोट में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री, जबकि अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर-रूपनगर के कुछ हिस्सों में 18 से 20 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. मध्य पंजाब में रात का पारा 20 से 22 डिग्री और दक्षिणी हिस्सों में 22 से 24 डिग्री तक रह सकता है. कुल मिलाकर रात का तापमान सामान्य से कम या सामान्य के आसपास रहने की संभावना है.